भीम सिंह दसाईक ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
कुपवी : शिमला जिला के पिछड़े और दुर्गम क्षेत्र कुपवी की बेटी रीता ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 22 जून 2026 को आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा का परिणाम 28 अगस्त को घोषित किया गया। इसमें ग्राम पंचायत हिड़ा-भलावन के गांव ओखड़ी निवासी रीता पुत्री स्वर्गीय नारिया राम बिरसांटा एवं माता विद्या बिरसांटा ने तीसरे प्रयास में 300 में से 244 अंक प्राप्त कर यूजीसी जेआरएफ (भूगोल) परीक्षा उत्तीर्ण की है।
रीता ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता विद्या बिरसांटा को दिया। उन्होंने बताया कि जब वह महज 12 वर्ष की थीं, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी माता ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर उनकी पढ़ाई जारी रखी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मां के संघर्ष और बेटी की मेहनत के चलते आज रीता ने यह मुकाम हासिल किया है।
कुपवी क्षेत्र लंबे समय से पिछड़ेपन, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। इसके बावजूद यहां के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। क्षेत्र से कई विद्यार्थी यूपीएससी और नीट जैसी परीक्षाएं भी उत्तीर्ण कर चुके हैं।
रीता की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुपवी क्षेत्र में शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाए तो यहां की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकते हैं। इससे आने वाले समय में कुपवी के बच्चे प्रदेश और देश के विकास में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।








