फाजिल्का में घर से श्मशान घाट तक बजते रहे ढोल, पटाखे फोड़े और परिवार ने किया भंगड़ा; अंतिम इच्छा की पूरी
देवभूमि न्यूज 24
पंजाब के फाजिल्का के गांव अरणी वाला में 108 वर्षीय बुजुर्ग महिला किशनाई बाई को परिवार ने भावुक लेकिन अनोखे अंदाज में अंतिम विदाई दी। गुरुवार को उनके निधन के बाद घर से श्मशान घाट तक ढोल बजाए गए और पटाखे भी फोड़े गए। इस दौरान परिजनों ने भंगड़ा डालकर उनकी लंबी जिंदगी का जश्न मनाया।
किशनाई बाई फाजिल्का के गांव अरणीवाला की रहने वाली थीं। परिवार के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले उनकी तबीयत खराब हुई थी और उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान गुरुवार को उनका निधन हो गया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार के 75 से अधिक सदस्य अंतिम संस्कार के लिए जुट गए।
परिजनों ने बताया कि किशनाई बाई की अंतिम इच्छा थी कि उन्हें ढोल की थाप पर नाचते हुए विदाई दी जाए। परिवार ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए अर्थी को गुब्बारों से सजाया और ढोल बजाते हुए श्मशान घाट तक लेकर गए।
पाकिस्तान में हुआ था जन्म
परिवार के मुताबिक, किशनाई बाई का जन्म पाकिस्तान में हुआ था। बाद में वह भारत आकर बस गईं। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। उनके बच्चों की भी संतानें हैं और इस तरह उन्होंने अपने सामने परिवार की चौथी पीढ़ी को बढ़ते हुए देखा।
पोते सुखजीत सिंह ने बताया कि करीब एक साल पहले उनकी नानी का भी 106 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था। किशनाई बाई अपनी बहन से करीब दो वर्ष बड़ी थीं। उनके पति का निधन काफी पहले हो गया था। इसके बाद उन्होंने परिवार के पालन-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आवाज से पहचान लेती थीं परिवार के सदस्यों को
परिजनों के अनुसार, उम्र अधिक होने के बावजूद किशनाई बाई की याददाश्त काफी अच्छी थी। हालांकि उनकी आंखों की रोशनी कुछ कम हो गई थी, लेकिन वह केवल आवाज सुनकर ही परिवार के सदस्यों को पहचान लेती थीं। वह हमेशा परिवार के लोगों को मेहनत कर ईमानदारी से रोटी कमाने की सीख देती थीं।
परिवार ने उनकी विदाई को मातम के बजाय उनकी 108 साल की जिंदगी के सम्मान और उनकी आखिरी इच्छा पूरी करने के अवसर के रूप में मनाया।
108 साल की बुजुर्ग महिला की अनोखी विदाई, ढोल की थाप पर नाचा परिवार








