नशे के खिलाफ लड़ाई को जन आंदोलन बनाना जरूरी, हर देशवासी निभाए अपनी जिम्मेदारी
*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम को पूरे देश के लिए प्रेरणा का बड़ा माध्यम बनाया है। इसके जरिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे प्रतिभाशाली लोगों को पहचान और मंच मिलता है। जिन लोगों के प्रयासों को व्यापक पहचान नहीं मिल पाती, उनके कार्यों को प्रधानमंत्री स्वयं देश के सामने रखते हैं, जो उनके लिए गर्व और पूरे समाज के लिए प्रेरणा का विषय है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि दुनिया में अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ रहे भारत के सामने नशा एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है। नशा देश की युवा पीढ़ी को प्रभावित कर रहा है और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में भी यह गंभीर समस्या बन चुकी है। इससे निपटना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिबद्धता स्पष्ट है। इस लड़ाई को केवल सरकार तक सीमित न रखकर जन आंदोलन का रूप देना होगा।
उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से देश नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती पर निर्णायक सफलता हासिल कर सकता है, तो नशे के खिलाफ भी जीत संभव है। आने वाले समय में नशा बीते समय की बात बनेगा, लेकिन इसके लिए प्रत्येक देशवासी और हर हिमाचली को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ‘मन की बात’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतिहास के महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की। देश के विभिन्न हिस्सों में लोग अपनी पहल और प्रयासों से इतिहास, संस्कृति और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने ऐसे प्रयासों को देश के सामने रखकर समाज के अन्य लोगों को भी कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं देने के साथ ‘लोकल फॉर वोकल’ के मंत्र को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। स्थानीय उत्पादों और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देशवासियों को स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था और लोगों के प्रयासों को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ अब केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने और उनसे प्रेरणा लेने का माध्यम बन चुका है। प्रत्येक कार्यक्रम में ऐसे विषय सामने आते हैं, जिनसे समाज को बहुत कुछ सीखने और समझने को मिलता है। प्रधानमंत्री द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों के प्रयासों को देश के सामने लाकर उन्हें प्रोत्साहित करना सराहनीय पहल है।
जयराम ठाकुर ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा माध्यम बन चुका है।








