*देवभूमि न्यूज 24*
सैंज, (कुल्लू)पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शैंशर के प्रांगण में 29 से 31 अगस्त तक आयोजित अंडर-14 छात्र वर्ग की तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुई। समापन समारोह में कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति कृषि एवं विपणन बोर्ड के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
विद्यालय पहुंचने पर मुख्यातिथि का स्कूल प्रबंधन समिति, शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और पुष्पहारों से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यातिथि ने मार्च पास्ट का निरीक्षण कर सलामी ली तथा दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष भारद्वाज ने स्वागत भाषण के दौरान प्रतियोगिता की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। एसएमसी अध्यक्ष नरेश कुमार ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों का आभार जताया।
समापन समारोह में विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक कुल्लवी नाटी प्रस्तुत की। लोक संस्कृति से सराबोर इस प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
मुख्यातिथि राम सिंह मियां ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
खो-खो: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्रेहण प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सारी द्वितीय।
वॉलीबॉल: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैला प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देहरी द्वितीय।
बैडमिंटन: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देहुरी प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलान द्वितीय।
योगा: मेजबान पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शैंशर प्रथम, राजकीय उच्च पाठशाला रोवाड़ द्वितीय।
कबड्डी: निजी विद्यालय किंग्स किंगडम प्रथम, राजकीय उच्च पाठशाला रोवाड़ द्वितीय।
मार्च पास्ट: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनौन विजेता।
समारोह के अंत में मुख्यातिथि ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों और खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह व पदक देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य सुभाष भारद्वाज, एसएमसी अध्यक्ष नरेश कुमार, जिला परिषद सदस्य गिरधारी लाल, बंजार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहर सिंह ठाकुर, स्थानीय पंचायत प्रधान सुषमा ठाकुर, उपप्रधान जवाहर लाल नेगी, देहूरीधार के उपप्रधान निमत ठाकुर, सुचैहण पंचायत प्रधान धर्मपाल, कनौन पंचायत प्रधान प्रीतम चंद, जिला कांग्रेस सचिव सब्जा चंद, सैंज जोन कांग्रेस सचिव रोशन लाल, बंजार ब्लॉक क्रीड़ा प्रभारी मोहन राकेश गौतम, थाना प्रभारी सैंज, पत्रकार एवं समाजसेवी महेंद्र सिंह पालसरा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, शिक्षक, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।








