देवभूमि न्यूज 24
शिमला : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में सोमवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शिमला में उपायुक्त कार्यालय परिसर के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और एफआईआर तत्काल वापस लेने की मांग की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार किया गया, लेकिन घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मामले पर आपत्ति जताने वाले राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना अत्यंत निंदनीय है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति के अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। विपक्ष की भूमिका, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं।प्रदर्शन में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








