पीएम श्री रावमा पाठशाला शिलाई में नई जिम्मेदारी, छात्रों की छिपी प्रतिभा को निखारना रहेगा प्राथमिक लक्ष्य
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई : शिलाई क्षेत्र के होनहार शिक्षाविद् सोनू भारद्वाज ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई में सीबीएसई लेक्चरर के पद पर कार्यभार संभाल लिया है। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके सोनू भारद्वाज की शैक्षणिक योग्यता और उपलब्धियां क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी जियोग्राफी और एमए पॉलिटिकल साइंस की शिक्षा हासिल की है। खास बात यह है कि उन्होंने तीनों विषयों में NET और SET की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।
कार्यभार संभालने के बाद सोनू भारद्वाज ने कहा कि शिक्षक के रूप में उनकी प्राथमिकता केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देना है। उन्होंने कहा कि वह छात्रों को पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाएंगे और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि शिलाई क्षेत्र के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर अपने क्षेत्र और संस्थान का नाम रोशन कर सकें।
वरिष्ठ पत्रकार जगत सिंह तोमर को मानते हैं आदर्श
सोनू भारद्वाज ने अपनी सफलता और प्रेरणा के संदर्भ में शिलाई के वरिष्ठ पत्रकार जगत सिंह तोमर का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जगत सिंह तोमर समय-समय पर उन्हें प्रोत्साहित और उत्साहित करते रहे हैं। विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में उन्हें वक्ता के रूप में मंच देकर उन्होंने उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर दिया। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें अपनी क्षमताओं को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने की प्रेरणा मिली।
सोनू ने कहा कि वह वरिष्ठ पत्रकार जगत सिंह तोमर की लेखनी और बेबाक पत्रकारिता के प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा कि तोमर की स्पष्ट और निर्भीक पत्रकारिता युवाओं को अपनी बात मजबूती से रखने की प्रेरणा देती है।
इष्ट देवताओं और गुरुजनों को किया नमन
नई जिम्मेदारी संभालने पर सोनू भारद्वाज ने अपने कुल देवता शिरगुल महाराज, माहसु देवता और भगवान परशुराम को नमन किया। उन्होंने अपने माता-पिता और गुरुजनों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद की कामना की। सोनू ने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें उनके माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सोनू भारद्वाज के सीबीएसई लेक्चरर पद पर कार्यभार संभालने पर क्षेत्रवासियों, शिक्षाविदों और उनके शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








