A.R. रहमान के साथ बैक-टू-बैक गाना गाकर खुश हैं सिंगर आनंदी जोशी

Share this post

बोलीं – “रहमान सर और जावेद अख्तर जी के गाने का हिस्सा बनना रोंगटे खड़े कर देता है”

हितेश जैन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

मुंबई: मशहूर सिंगर आनंदी जोशी एक बार फिर अपने गुरु A.R. रहमान के साथ काम करके बेहद खुश हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म बंटवारा 1947 के गाने ‘देखिए जहां जाइए कहीं’ में आनंदी ने अपनी आवाज दी है। इस गाने को जावेद अख्तर ने लिखा है और जावेद अली व रब्बानी मुस्तफा खान के साथ आनंदी ने गाया है।

गाने में सनी देओल, प्रीति जिंटा और उनकी बेटी द्वारा शबाना जी का परिवार में स्वागत करने का बेहद भावुक पल दिखाया गया है।

आनंदी के लिए यह गाना बेहद खास है क्योंकि इससे पहले उन्होंने रहमान सर की फिल्म Gandhi Talks के गाने ‘जरा जरा मन खुलवते’ में भी आवाज दी थी।

आनंदी ने बताया – “पिछले नवंबर में मैं सर के स्टूडियो में कुछ और रिकॉर्ड करने गई थी, तभी मुझे यह मेलोडी ट्राई करने को कहा गया। 6 महीने बाद जब पता चला कि गाना मेरी ही आवाज में फाइनल हुआ है तो मैं बहुत खुश हुई। फाइनल वर्जन में 80-90% मेरी पहली रिकॉर्डिंग ही है।”

खास बात ये है कि जब आनंदी ने यह गाना रिकॉर्ड किया था तब उन्हें पता चला था कि वे प्रेग्नेंट हैं, और जब वे 9वें महीने में थीं तब गाने की 2 लाइनों में बदलाव के लिए दोबारा रिकॉर्डिंग की।

“रहमान सर को मैं अपना गुरु मानती हूं। उनका म्यूजिक मुझे जिंदगी समझने में मदद करता है। अब मेरा बच्चा आ गया है और गाना भी रिलीज हो गया है, ये पूरा सफर मेरे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।”

आनंदी जोशी मलाल, गांधी टॉक्स और अब बंटवारा 1947 जैसी फिल्मों में गा चुकी हैं और उनके नाम 350 से ज्यादा गाने 8 भाषाओं में हैं।