देवभूमि न्यूज 24
शिमला: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने कांग्रेस सरकार पर बागवानों के सी ग्रेड सेब के भुगतान को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बागवानों को भुगतान करने के लिए दस्तावेज जमा करवाने को कहा था। कई बागवानों ने एचपीएमसी द्वारा मांगे गए सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करवा दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके खातों में अभी तक भुगतान नहीं पहुंचा है।
राकेश डोगरा ने कहा कि सरकार ने जुलाई में एमआईएस के तहत बकाया भुगतान के लिए 45 करोड़ रुपये जारी करने की बात कही थी और दावा किया था कि वर्ष 2022 से 2025 तक के बकाया भुगतान डीबीटी के माध्यम से किए जा रहे हैं।
उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार ने भुगतान के लिए राशि जारी कर दी है तो दस्तावेज पूरे करने वाले बागवानों के खातों में पैसा अभी तक क्यों नहीं पहुंचा? सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि कितने बागवानों का भुगतान लंबित है और उनके भुगतान की वास्तविक स्थिति क्या है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में बागवानों की ओर से भी यह शिकायत सामने आई है कि आवश्यक दस्तावेज जमा करने के एक महीने से अधिक समय बाद भी कई लोगों को भुगतान नहीं मिला है।
राकेश डोगरा ने कांग्रेस सरकार से पूछा कि बागवानों को उनके सी ग्रेड सेब का भुगतान कब मिलेगा? बागवानों ने अपनी मेहनत की फसल सरकार को दी है, यह उनका हक का पैसा है। सरकार को जांच या कागजी प्रक्रिया के नाम पर उन बागवानों का भुगतान नहीं रोकना चाहिए, जिन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए हैं।
उन्होंने मांग की कि एचपीएमसी लंबित भुगतानों की पूरी सूची सार्वजनिक करे और दस्तावेज पूरे कर चुके प्रत्येक बागवान के खाते में तत्काल भुगतान किया जाए।








