स्वराज सत्याग्रह यात्रा में पर्यावरण, खेती और बंदरों के आतंक का मुद्दा उठा

Share this post

फतेहपुर की पंचायतों में 8 किलोमीटर पैदल चले स्वराज सत्याग्रही, करीब 55 लोगों से किया संवाद

*देवभूमि न्यूज 24*

फतेहपुर : पर्यावरण संरक्षण, विश्व शांति, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक व्यवस्था की बहाली के उद्देश्य से चल रही स्वराज सत्याग्रह यात्रा के अगले पड़ाव में विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर की पंचायत चेकबाड़ी, डक और गुरियाल में जनसंवाद किया गया। यात्रा के दौरान राजा का तालाब से डक, गुरियाल, सहोड़ होते हुए गारन तक करीब 8 किलोमीटर पैदल यात्रा कर लगभग 55 लोगों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें जागरूकता संबंधी पर्चे भी वितरित किए गए।
स्वराज सत्याग्रही एवं पर्यावरण-लोकतंत्र प्रेमी डॉ. अशोक कुमार सोमल ने बताया कि यात्रा के दौरान निजी स्कूल प्रबंधक एवं साहित्यकार पंकज दर्शी से पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा हुई। डक पंचायत कार्यालय में प्रधान व सचिव से मुलाकात की गई, जबकि आंगनबाड़ी की मुख्य कार्यकर्ता से भी संवाद किया गया। इसके अलावा सीनियर सेकेंडरी स्कूल गारन और प्राइमरी स्कूल गारन के स्टाफ तथा विद्यार्थियों से भी बातचीत की गई। यात्रा में दो युवा Gen Z सदस्यों से संवाद के साथ किसान रघुवीर सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रजीत पठानिया की समस्याएं भी सुनी गईं।
पर्यावरण को लेकर जागरूकता तो है, लेकिन व्यवहार में लापरवाही
डॉ. सोमल ने कहा कि ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता दिखाई देती है, लेकिन व्यवहारिक स्तर पर गंभीर लापरवाही सामने आई। हवा, पानी और अनाज के प्रदूषण को लेकर लोग पर्याप्त रूप से सजग नहीं हैं। प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की स्थिति भी चिंताजनक है। कई स्थानों पर प्लास्टिक इधर-उधर फेंका जा रहा है या उसे जलाया जा रहा है, जिससे निकलने वाला धुआं पर्यावरण के साथ लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक है।
आवारा पशुओं ने किसान की मेहनत पर फेरा पानी
यात्रा के दौरान किसानों ने आवारा और बेसहारा पशुओं से हो रहे नुकसान की शिकायत की। किसान रघुवीर सिंह ने बताया कि आवारा पशु उनकी करीब दो क्विंटल मक्की चर गए। किसानों ने पक्षियों से होने वाले नुकसान की समस्या भी बताई।
वहीं गुरियाल गांव में बंदरों के आतंक का प्रत्यक्ष जायजा लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार बंदरों के कारण खेती करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। क्षेत्र में जंगल के अलावा लोगों द्वारा लगाए गए आम के बगीचे भी बंदरों के निशाने पर हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बंदर फसलों और फलों को नुकसान पहुंचाने के साथ कई बार महिलाओं और बच्चों पर भी हमला कर रहे हैं। डॉ. सोमल ने कहा कि आवारा पशुओं और बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है, ताकि किसान सुरक्षित तरीके से खेती कर सकें।
सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य कार्यालय की हालत पर चिंता
यात्रा के दौरान करीब आठ वर्ष पहले निजी क्षेत्र से सरकार द्वारा अधिकृत किए गए सीनियर सेकेंडरी स्कूल गारन का भी दौरा किया गया। यहां प्रधानाचार्य कार्यालय की दयनीय हालत सामने आई। डॉ. सोमल ने संबंधित विभाग से कार्यालय भवन की स्थिति में सुधार करते हुए इसे शीघ्र नया बनाने की मांग की।
सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रजीत पठानिया ने हाल ही में मरम्मत की गई सड़क के कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए और इसकी जांच की आवश्यकता बताई।
डॉ. अशोक कुमार सोमल ने कहा कि स्वराज सत्याग्रह यात्रा का उद्देश्य केवल समस्याएं गिनाना नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर पर्यावरण, लोकतंत्र, सामाजिक सौहार्द और जन-जिम्मेदारी के प्रति चेतना पैदा करना है। उन्होंने कहा कि जब तक आम नागरिक स्वयं पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संसाधनों की जिम्मेदारी नहीं समझेगा, तब तक केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे।