हिमाचल के सामने 8 हजार करोड़ का सालाना वित्तीय अंतर, सीएम सुक्खू ने निर्मला सीतारमण से मांगी अतिरिक्त मदद

Share this post


देवभूमि न्यूज 24
नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश की बिगड़ती वित्तीय स्थिति और केंद्र से अतिरिक्त आर्थिक सहायता की मांग को लेकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने केंद्र के समक्ष राज्य की वित्तीय चुनौतियों का विस्तृत ब्यौरा रखते हुए हिमाचल की भौगोलिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए विशेष वित्तीय सहायता देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 से राजस्व घाटा अनुदान समाप्त होने के कारण हिमाचल प्रदेश को करीब 8,000 करोड़ रुपये के वार्षिक वित्तीय अंतर का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में राजस्व घाटा अनुदान में लगातार कमी आने से राज्य के वित्तीय संसाधनों पर दबाव बढ़ा है।
सुक्खू ने हिमाचल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण यहां आधारभूत ढांचे के निर्माण और रख-रखाव की लागत मैदानी राज्यों की तुलना में अधिक है। प्राकृतिक आपदाओं की लगातार बढ़ती संवेदनशीलता ने भी राज्य की वित्तीय चुनौतियों को गंभीर बनाया है।
उधारी सीमा 4 फीसदी करने की मांग
मुख्यमंत्री ने केंद्र से राज्य की उधार लेने की सीमा वर्तमान 3 प्रतिशत से बढ़ाकर सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) का 4 प्रतिशत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य को अपनी प्रतिबद्ध देनदारियों को पूरा करने के साथ-साथ जरूरी सार्वजनिक सेवाओं और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त वित्तीय गुंजाइश मिलेगी।
उन्होंने पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना (SASCI) के तहत आपूर्ति एवं विक्रेता भुगतान को SNA-स्पर्श मॉडल से छूट देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं के लिए हिमाचल को मिलने वाले आवंटन को बढ़ाने और राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इस सहायता को दोगुना करने का अनुरोध किया।
केंद्र से अतिरिक्त सहायता का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य सरकार वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए राजस्व बढ़ाने और विभिन्न वित्तीय सुधारों पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की पहलों की जानकारी भी केंद्रीय वित्त मंत्री को दी।
सुक्खू ने बताया कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य देने वाला देश का पहला राज्य बना है। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के साथ ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने राज्य की वित्तीय चुनौतियों को स्वीकार करते हुए कहा कि हिमाचल की जायज वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर विचार किया जाएगा। विशेष केंद्रीय सहायता के तहत अतिरिक्त वित्तीय मदद पर भी विचार करने का भरोसा दिया गया।
बैठक में मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, प्रधान आवासीय आयुक्त अजय कुमार तथा केंद्रीय वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।