दिल्ली से लौटे मंत्री, अब हाईकमान के फैसले का इंतजार

Share this post

मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की चर्चाओं के बीच सचिवालय पहुंचे हर्षवर्धन चौहान और रोहित ठाकुर, विभागीय कामकाज की समीक्षा की; शुक्रवार की कैबिनेट बैठक पर भी राजनीतिक नजर
देवभूमि न्यूज 24
शिमला : हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच दिल्ली गए कैबिनेट मंत्री अब शिमला लौट आए हैं। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर वीरवार को दिल्ली से लौटने के बाद सीधे राज्य सचिवालय पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों और महत्वपूर्ण फाइलों की समीक्षा की।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत अन्य कैबिनेट मंत्री भी दिल्ली से लौट आए हैं, हालांकि वे वीरवार को सचिवालय में नजर नहीं आए। मंत्रियों की दिल्ली यात्रा के बाद अब कांग्रेस हाईकमान के अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राहुल गांधी से प्रस्तावित मुलाकात नहीं हुई
कैबिनेट मंत्रियों के दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात प्रस्तावित थी, लेकिन यह मुलाकात नहीं हो सकी। हालांकि मंत्रियों ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के राजनीतिक हालात, सरकार के कामकाज और संबंधित विभागों की स्थिति को लेकर हाईकमान के समक्ष फीडबैक रखे जाने की बात सामने आई है।
यही वजह है कि मंत्रियों के दिल्ली दौरे को मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि सरकार या कांग्रेस संगठन की ओर से अभी तक किसी मंत्री को हटाने, विभाग बदलने अथवा नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।
अब सुक्खू-हाईकमान की बातचीत पर निगाह
मंत्रियों की दिल्ली से वापसी के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच होने वाली बातचीत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल, मंत्रियों के प्रदर्शन और विभागों की स्थिति को लेकर हाईकमान तक पहुंचे फीडबैक के आधार पर आगे क्या राजनीतिक फैसला लिया जाता है, इस पर कांग्रेस के भीतर और बाहर निगाहें टिकी हैं।
मंत्रिमंडल में खाली पदों को भरने के साथ-साथ संभावित विभागीय फेरबदल को लेकर भी लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में दिल्ली दौरे से लौटे मंत्रियों की गतिविधियों ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है।
शुक्रवार की कैबिनेट बैठक पर भी नजर
दिल्ली दौरे के बाद शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच कैबिनेट बैठक में लिए जाने वाले फैसलों को भी राजनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रोहित ठाकुर बोले- हाईकमान को दिया फीडबैक
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा कि वह दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात भी हुई। उन्होंने कहा कि हाईकमान को प्रदेश के संबंध में फीडबैक दिया गया है।
अब दिल्ली से लौटे मंत्रियों के बाद सियासी गेंद एक बार फिर मुख्यमंत्री और कांग्रेस हाईकमान के पाले में है। आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल को लेकर स्थिति साफ होने की संभावना के बीच कांग्रेस के भीतर संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं जारी हैं।