देवभूमि न्यूज 24
नई दिल्ली : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत दौरे पर आएंगे। सम्मेलन से इतर 11 सितंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों सहित कई अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
क्रेमलिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शुक्रवार को होने वाली द्विपक्षीय बैठक की पुष्टि की है। क्रेमलिन ने भारत को रूस का महत्वपूर्ण ‘रणनीतिक साझेदार’ बताते हुए दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्कों को अहम करार दिया।
पुतिन के दिल्ली पहुंचने से पहले क्रेमलिन के प्रवक्ता एवं रूसी राष्ट्रपति के प्रेस सचिव दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को मीडिया से वर्चुअल बातचीत में भारत-रूस संबंधों को लेकर अहम टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी संपर्क बेहद महत्वपूर्ण हैं और प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बैठक पर विशेष ध्यान रहेगा।
पेस्कोव ने कहा कि भारत और रूस के नेताओं के बीच बेहद करीबी संबंध हैं। प्रस्तावित बैठक को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब वैश्विक स्तर पर राजनीतिक और आर्थिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। दोनों नेताओं की वार्ता से भारत-रूस रणनीतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।








