देवभूमि न्यूज 24
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच भारत मंडपम में द्विपक्षीय बैठक हुई। करीब 45 मिनट चली इस बातचीत में भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के साथ व्यापार, औद्योगिक सहयोग, परमाणु ऊर्जा, उर्वरक, रेल और मोबिलिटी क्षेत्र सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।भारत मंडपम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात की और गले मिले। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को तमिल के महान कवि तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध कृति ‘तिरुक्कुरल’ के रूसी अनुवाद की पुस्तक भी भेंट की।औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर जोरबैठक में भारत और रूस के बीच औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आईएनएनओप्रोम जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से नए अवसर तलाशने पर जोर दिया गया। दोनों देशों के बीच रेल क्षेत्र और टनलिंग में सहयोग बढ़ाने, स्टील वैल्यू चेन विकसित करने और कारोबार से कारोबार यानी बी2बी अवसरों को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। रूसी बाजार में भारतीय कंपनियों की पहुंच बढ़ाने के मुद्दे को भी महत्वपूर्ण माना गया।परमाणु ऊर्जा और उर्वरक क्षेत्र में सहयोगभारत-रूस के बीच असैन्य परमाणु सहयोग को और मजबूत करने पर भी बातचीत हुई। इसमें ईंधन चक्र और संयंत्रों के जीवन-चक्र से जुड़े सहयोग को आगे बढ़ाने के विषय शामिल रहे। मोबिलिटी क्षेत्र में सहयोग तथा रूस में भारतीय कुशल कामगारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी दोनों पक्षों ने विचार किया।इसके अलावा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग और रणनीतिक संयुक्त उद्यम परियोजनाओं के माध्यम से उर्वरक क्षेत्र में सहयोग को बनाए रखने तथा आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूतीबैठक से पहले विदेश मंत्रालय ने भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे बहुआयामी संबंधों को रेखांकित किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित बहुआयामी और लंबे समय से चले आ रहे संबंध हैं।दोनों नेताओं की बातचीत को भारत-रूस संबंधों में व्यापार, ऊर्जा, औद्योगिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी के नए अवसरों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








