नशे की कमाई से बनाई संपत्ति का देना होगा हिसाब, जब्त होगी अवैध संपत्ति: सुक्खू

Share this post

नूरपुर में 3.27 करोड़ की संपत्ति जब्त करने पर पुलिस को बधाई, अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

   *देवभूमि न्यूज 24*

शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि नशे के कारोबार से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों को अब अपनी आय का हिसाब देना होगा। नशे की कमाई से बनाई गई आलीशान कोठियां, होटल, दुकानें, जमीन और महंगी गाड़ियां अब कार्रवाई के दायरे में आएंगी।
मुख्यमंत्री ने नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब 3.27 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने पर नूरपुर पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से अर्जित पैसा वास्तव में उन परिवारों की कीमत पर कमाया जाता है, जिनके बच्चे इस गंभीर सामाजिक बुराई की चपेट में आते हैं। नशे की कमाई से बनाई गई संपत्ति पर अब सरकार की नजर है। नूरपुर में जब्त संपत्तियों में आलीशान कोठी, भूमि, होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते शामिल हैं।
17 मामलों में 29.95 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर में अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नशा माफिया के खिलाफ प्रदेश सरकार की सख्त नीति और पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाई केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। लक्ष्य नशे के पूरे नेटवर्क, उसकी आर्थिक व्यवस्था और नशे से अर्जित अवैध संपत्ति को ध्वस्त करना है। पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इस दिशा में पूरी स्वतंत्रता दी गई है तथा सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।
पंचायत स्तर तक की गई नशा माफिया की मैपिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पंचायत स्तर तक नशा माफिया की मैपिंग की गई है। नशे की तस्करी से जुड़े लोगों और उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद पीआईटी-एनडीपीएस कानून लागू कर आदतन अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है और ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।
सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और इसे नशे की गिरफ्त में फंसाने के प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।
मुख्यमंत्री ने आम जनता से भी अपील की कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से प्रदेश को इस गंभीर सामाजिक बुराई से मुक्त किया जा सके।