शहीद कल्याण सिंह स्कूल हल्लांह में एन सी सी ट्रूप का शुभारंभकर्नल जे.एस. चौहान ने किया उद्घाटन,

Share this post

चार दशक बाद अपने विद्यालय लौटकर हुए भावुक

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई: शहीद कल्याण सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हल्लां में सोमवार को NCC Half Troop का विधिवत शुभारंभ 1 HP NCC बटालियन नाहन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जे.एस. चौहान ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, क्षेत्र की तीनों पंचायतों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे।
NCC ट्रूप के शुभारंभ पर विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने कर्नल जे.एस. चौहान तथा 1 HP NCC बटालियन नाहन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में NCC की शुरुआत से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, देशभक्ति, शारीरिक दक्षता, सामाजिक सेवा और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों को NCC शिविरों और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर भी प्राप्त होगा।
इस अवसर पर कर्नल जे.एस. चौहान ने विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि NCC युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों से NCC की गतिविधियों को सफल बनाने के लिए निरंतर सहयोग की अपेक्षा की।
कर्नल जे.एस. चौहान के लिए यह अवसर विशेष रूप से भावनात्मक रहा। वे स्वयं इसी विद्यालय के विद्यार्थी रह चुके हैं। लगभग चार दशक बाद उसी विद्यालय परिसर में NCC ट्रूप का शुभारंभ करना उनके लिए गर्व और संतोष का क्षण रहा। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे NCC के इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर अच्छे विद्यार्थी, अनुशासित कैडेट और जिम्मेदार नागरिक बनें।
विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने NCC Half Troop के शुभारंभ को हल्लां क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा और अवसर मिलेंगे।