किशाऊ परियोजना पर आठ साल का गतिरोध खत्म, आज छह राज्यों के साथ एमओयू

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

शिमला हिमाचल प्रदेश के लिए मंगलवार का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। दो राज्यों की सीमा पर प्रस्तावित किशाऊ बांध परियोजना को लेकर आठ वर्षों से चले आ रहे गतिरोध के बाद अब एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इसके लिए दिल्ली जाएंगे। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की मौजूदगी में हिमाचल प्रदेश समेत छह राज्यों के मुख्यमंत्री परियोजना को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करेंगे।

किशाऊ परियोजना की वित्तीय लागत को लेकर लंबे समय से राज्यों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी। जून में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में दिल्ली में हुई बैठक में इस गतिरोध को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति बनी थी। इसके तहत जल घटक से लाभान्वित होने वाले दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा द्वारा हिमाचल प्रदेश के विद्युत घटक की अनुमानित करीब 2,000 करोड़ रुपये की लागत वहन करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी थी।

मुख्यमंत्री सुक्खू के अनुसार परियोजना पूरी होने के बाद हिमाचल को विद्युत घटक के रूप में प्रतिवर्ष करीब 100 करोड़ यूनिट बिजली की हिस्सेदारी मिलेगी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 600 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष बताई गई है। ऐसे में परियोजना को हिमाचल के लिए दीर्घकालिक आर्थिक संसाधन बढ़ाने वाली योजना के तौर पर देखा जा रहा है।

एमओयू के दौरान हिमाचल प्रदेश के साथ राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। केंद्र के समक्ष हिमाचल की ओर से रखी गई तीन प्रमुख शर्तों पर सहमति बनने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

नीति आयोग की बैठक में आर्थिक मुद्दे होंगे केंद्र में

इसी बीच सितंबर में प्रस्तावित नीति आयोग की बैठक को लेकर भी प्रदेश सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। बैठक 18 और 19 सितंबर को होने की संभावना है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस बैठक में प्रदेश के वित्तीय हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे केंद्र के समक्ष रख सकते हैं। सरकार ने इसके लिए प्रस्तुतीकरण भी तैयार कर लिया है।

मुख्यमंत्री राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) की बहाली अथवा इसके समान वित्तीय सहायता दोबारा शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठा सकते हैं। इसके अलावा जीएसटी मुआवजा बंद होने से प्रदेश को हुए वित्तीय नुकसान का मुद्दा भी केंद्र के समक्ष रखा जाएगा।

आपदा के दौरान प्रधानमंत्री की ओर से हिमाचल के लिए घोषित 1,500 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी करने की मांग भी नीति आयोग की बैठक में प्रमुखता से उठाए जाने की उम्मीद है।

किशाऊ परियोजना पर एमओयू और इसके बाद नीति आयोग की बैठक को हिमाचल के वित्तीय हितों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर किशाऊ परियोजना से भविष्य में बिजली के रूप में राज्य को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार केंद्रीय सहायता और वित्तीय संसाधनों से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान के लिए केंद्र पर दबाव बनाएगी।