जयराम ठाकुर का सरकार पर तीखा हमला, पूछा तकनीकी ज्ञान की कमी है या जांच की इच्छा ही नहीं?
देवभूमि न्यूज 24
शिमला हिमकेयर योजना की जांच और नकली दवाओं के कथित रैकेट को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार और विजिलेंस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हिमकेयर को बदनाम करने के लिए जांच में तेजी दिखाई जा रही है, जबकि नकली दवाओं और कथित जीएसटी चोरी के गंभीर मामले में विजिलेंस जांच से ही असमर्थता जता रही है।
जयराम ठाकुर ने सवाल किया कि जब न्यायालय की ओर से मामले की जांच की आवश्यकता जताई जा रही है, तब प्रदेश की जांच एजेंसी जांच करने में असमर्थ क्यों है। उन्होंने पूछा कि क्या एजेंसी के पास जांच की क्षमता नहीं है या सरकार की जांच कराने की इच्छा ही नहीं है?
उन्होंने कहा कि एक ओर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ विजिलेंस द्वारा तेजी से मामले दर्ज किए जाते हैं, पूछताछ होती है और जांच पूरी होने से पहले ही तथ्यों को प्रेस विज्ञप्तियों के जरिए सार्वजनिक किया जाता है, वहीं दूसरी ओर लोगों की जान से जुड़े नकली दवा के कथित मामले में जांच से पीछे हटने की स्थिति सामने आ रही है।
28 टन कच्चे माल और जीएसटी चोरी के आरोप का भी उठाया मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि एक दवा निर्माता के खिलाफ कथित नकली दवा बिक्री और जीएसटी चोरी के लिए रिकॉर्ड में हेराफेरी का मामला सामने आया था। उनके अनुसार, न्यायालय के समक्ष दिए गए एक अन्य प्रतिनिधित्व में 27 से 28 टन कच्चे माल की कथित अवैध सप्लाई और जीएसटी चोरी के आरोप भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर आरोपों की विस्तृत जांच होनी चाहिए।
जयराम ने विजिलेंस की ओर से जांच में असमर्थता जताए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जीएसटी और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए विभाग के पास तकनीकी विशेषज्ञता नहीं है तो इतनी बड़ी वित्तीय हेराफेरी की जांच कैसे होगी। उन्होंने पूछा कि वित्तीय जांच के लिए विशेषज्ञता की कमी है तो चिकित्सा विशेषज्ञों के उपचार संबंधी फैसलों की समीक्षा करने की विशेषज्ञता कहां से आ गई?
1 जुलाई के पत्र को बनाया सरकार पर हमले का आधार
जयराम ठाकुर ने कहा कि स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने 1 जुलाई 2026 को पत्र भेजकर मामले की जांच में असमर्थता जताई थी। उनके मुताबिक ब्यूरो ने मामले की वित्तीय प्रकृति को जटिल बताते हुए पर्याप्त मानव संसाधन, संसाधनों और राजस्व विभाग से संबंधित तकनीकी एवं विषय विशेषज्ञता की कमी का उल्लेख किया था।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि हिमकेयर की जांच का इस्तेमाल सरकार अपनी राजनीतिक बात को सही साबित करने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अपनी कोई लोकप्रिय योजना प्रभावी ढंग से आगे नहीं बढ़ पा रही है, इसलिए पूर्व सरकार की लोकप्रिय हिमकेयर योजना को निशाना बनाया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने इसे सरकार के कथित ‘व्यवस्था परिवर्तन’ पर बड़ा सवाल बताते हुए कहा कि एक ही प्रदेश में जांच एजेंसियों की सक्रियता के अलग-अलग पैमाने क्यों दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से नकली दवा मामले की जांच की स्थिति सार्वजनिक करने और यह स्पष्ट करने की मांग की कि विजिलेंस ने जांच में असमर्थता क्यों जताई।
उन्होंने पूर्व में संगठित भ्रष्टाचार के मामलों में मुख्यमंत्री कार्यालय की कथित संलिप्तता को लेकर उठे सवालों का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि बार-बार सवाल उठाए जाने के बावजूद सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।








