चंडीगढ़ की सड़कों पर आज जाम! सचिन पायलट की अगुआई में 15 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता करेंगे मंत्री के घर का घेराव

Share this post

  *देवभूमि न्यूज 24*

चंडीगढ़ पंजाब कांग्रेस मंगलवार को चंडीगढ़ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी के नए पंजाब प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में होने वाले इस रोड प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के लगभग सभी बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस की ओर से संगरूर में गुलजार सिंह की मौत के मामले में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंगलवार को चंडीगढ़ की सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पंजाब के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को चंडीगढ़ लाने की तैयारियां की गई हैं। प्रदर्शन का असर खास तौर पर पीजीआई और उसके आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। सुबह करीब 10 बजे से दोपहर बाद 3 से 4 बजे तक प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के कारण इस क्षेत्र में यातायात बाधित रहने की संभावना है। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों के रूट और भीड़ को देखते हुए जगह-जगह बैरिकेडिंग और यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा सकता है।
ऐसे में पीजीआई, सेक्टर-11, सेक्टर-12, सेक्टर-14, सेक्टर-15 और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की जरूरत होगी। अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके स्वजन को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। जरूरी न होने पर इन इलाकों से मंगलवार को दोपहर तक गुजरने से बचना बेहतर रहेगा।