हितेश जैन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
*नई दिल्ली, महिला सशक्तिकरण को केवल प्रतिनिधित्व से आगे ले जाकर ठोस आर्थिक शक्ति में बदलने का आह्वान करते हुए उपासना कामिनेनी कोनिडेला, वाइस चेयरपर्सन, अपोलो फाउंडेशन और फाउंडर, URLife ने BRICS महिला आर्थिक कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव रखा है, ताकि BRICS देशों की महिला उद्यमियों को पूंजी, बाजार, साझेदारी और सीमा-पार अवसरों तक बेहतर पहुंच मिल सके।
भारत की BRICS अध्यक्षता में आयोजित BRICS वीमेंस बिजनेस अलायंस (WBA) वीमेन-लेड डेवलपमेंट समिट 2026 में विशेष संबोधन देते हुए उपासना ने नीति-निर्माताओं और बिजनेस लीडर्स को आर्थिक विकास में महिलाओं की भूमिका पर पुनर्विचार करने की चुनौती दी।
उन्होंने कहा, “अब बात सिर्फ इतनी नहीं है कि हम बिजनेस में और अधिक महिलाओं को कैसे शामिल करें। बड़ा सवाल यह है कि अगर विकास को डिजाइन करने के केंद्र में महिलाएं हों तो BRICS अर्थव्यवस्थाएं कैसी दिखेंगी?”
उन्होंने कहा कि बिना प्रभाव के प्रतिनिधित्व, बिना आर्थिक शक्ति के भागीदारी, बिना वित्तीय स्वतंत्रता के रोजगार और बिना स्वामित्व के सशक्तिकरण अधूरा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वीमेंस डेवलपमेंट से वीमेन-लेड डेवलपमेंट’ के विजन को दोहराते हुए उपासना ने कहा कि BRICS WBA के अगले चरण को ठोस आर्थिक परिणामों से मापा जाना चाहिए।
उन्होंने तीन स्पष्ट बदलावों का प्रस्ताव रखा:
1. स्टार्टअप प्लेटफॉर्म जो सिर्फ अवॉर्ड नहीं, बल्कि पूंजी तक ले जाएं
2. नेटवर्किंग जो सिर्फ कार्ड एक्सचेंज नहीं, बल्कि कॉन्ट्रैक्ट तक ले जाए
3. वित्तीय समावेशन जो सिर्फ बैंक खातों तक नहीं, बल्कि संपत्ति और निवेश तक ले जाए
उनके संबोधन का मुख्य संदेश था कि वैश्विक महिला एजेंडा को सशक्तिकरण से स्वामित्व की ओर ले जाना होगा, जो तीन मूल बातों पर टिका है – एक महिला का स्वास्थ्य, उसकी संपत्ति और उसके चुनने की स्वतंत्रता।
“सिर्फ एक महिला को टेबल पर सीट मत दीजिए। उसे टेबल में इक्विटी दीजिए, क्योंकि वहीं असली आर्थिक शक्ति है।”
प्रस्तावित BRICS महिला आर्थिक कॉरिडोर BRICS नेटवर्क की ताकत को एक एक्शनेबल आर्थिक मंच में बदलेगा, जिससे महिला-नेतृत्व वाले व्यवसायों को निवेश, खरीदार, बाजार और साझेदारी तक पहुंच मिल सकेगी।
उपासना ने अपोलो हॉस्पिटल्स की जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संगीता रेड्डी, जिन्होंने भारत की 2021 BRICS अध्यक्षता के दौरान BRICS WBA इंडिया चैप्टर की अध्यक्षता की थी, और वर्तमान चेयरपर्सन अवर्णा जैन को भी इस एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए सराहा।








