युवाओं और स्थानीय लोगों ने स्वेच्छा से किया रक्तदान, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्धता में दिया योगदान
देवभूमि न्यूज 24
शिमला स्पोर्ट्स एंड कल्चरल यूथ एसोसिएशन, शिमला की ओर से मेरा युवा भारत शिमला तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 14 सितंबर को मॉल रोड शिमला में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं सहित स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना रहा। इस दौरान रक्तदाताओं ने मानवता और समाजसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
कार्यक्रम में एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) शिमला पंकज शर्मा, संजय सूद तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सनी शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और एसोसिएशन की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान भी किया।
आयोजन को एसजेवीएन का सहयोग मिला, जबकि देवभूमि 15/20 छत्र संगठन और किन्नौर स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने सहयोगी की भूमिका निभाई। विभिन्न संगठनों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों के सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
एसोसिएशन ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी युवाओं की भागीदारी से जनहित और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।








