एसडीएम बंजार की अध्यक्षता में शांघड़ और सैंज स्कूलों की समीक्षा बैठक
गतिविधियों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा
देवभूमि न्यूज 24
सैंज/बंजार। उपमंडल बंजार में पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शांघड़ तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैंज में समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों की अध्यक्षता एसडीएम बंजार ने की।
बैठक में पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों में संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार, सर्वांगीण विकास, शिक्षक प्रशिक्षण, मध्याह्न भोजन, विद्यालय स्वच्छता, नशा मुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण और ईको क्लब गतिविधियों सहित योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
एसडीएम बंजार ने विद्यालय प्रबंधन को योजना के मूल उद्देश्यों के अनुरूप गतिविधियों को प्रभावी और परिणामोन्मुख तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, पर्यावरण के प्रति जागरूकता, अनुशासन, जीवन-कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बैठक में विद्यालयों की वर्तमान प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर बिंदुवार चर्चा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
शांघड़ में हुई समीक्षा बैठक में पीएम श्री जीएसएसएस सैंज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार महाजन, जिला नोडल अधिकारी पीएम श्री स्कूल्स कुल्लू (डाइट) कुलदीप शर्मा, जीएमएस शिल्ह के विज्ञान स्नातक राजीव कुमार तथा जीएसएसएस शांघड़ के कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुभाष भारद्वाज सहित विद्यालय का स्थानीय स्टाफ मौजूद रहा।
सैंज में आयोजित बैठक में तहसीलदार सैंज नरेंद्र शर्मा, नायब तहसीलदार सैंज सावित्री देवी, प्रधानाचार्य मनोज कुमार महाजन, जिला नोडल अधिकारी कुलदीप शर्मा, विज्ञान स्नातक राजीव कुमार सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
अधिकारियों ने संबंधित विद्यालयों को पीएम श्री योजना के लक्ष्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने और विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य योजना के तहत चल रही गतिविधियों की नियमित निगरानी, बेहतर समन्वय और आगामी कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।








