*देवभूमि न्यूज 24*
⭕पितृ पक्ष में पूर्वजों को याद करने और उनके निमित्त श्राद्ध-तर्पण करने की परंपरा सदियों पुरानी है। इस दौरान परिवार अपने पितरों की आत्मा की शांति और उनके आशीर्वाद की कामना करता है। श्राद्ध से जुड़ी परंपराओं में पंचबलि का भी खास स्थान माना गया है। इसमें घर में तैयार भोजन का एक हिस्सा पांच अलग-अलग जीवों और देवताओं को अर्पित किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इन माध्यमों से पितरों तक भोजन पहुंचता है और उन्हें तृप्ति मिलती है। आखिर पंचबलि में किन पांच के लिए भोजन निकाला जाता है और इसका क्या महत्व है, आइए जानते हैं।
⚜️क्या होता है पंचबलि कर्म?
卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐
पंचबलि दो शब्दों से मिलकर बना है, जिसमें •’पंच’ का अर्थ “पांच” और •’बलि’ का मतलब “अर्पण” करना है। श्राद्ध के दौरान भोजन तैयार करने के बाद उसका एक हिस्सा पांच अलग स्थानों पर रखा जाता है। इसे गाय, कौआ, कुत्ता, देवता और चींटी को समर्पित किया जाता है। मान्यता है कि ये जीव और देवता पितरों तक अन्न पहुंचाने के माध्यम माने जाते हैं। पंचबलि करने के बाद ही ब्राह्मणों को भोजन कराने की परंपरा है। इस कर्म में भोजन के साथ जल अर्पित करने का भी विधान बताया गया है।
⚜️गाय के लिए क्यों निकाला जाता है भोजन?
卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐
पंचबलि में सबसे पहले गाय के लिए भोजन निकाला जाता है, जिसे गोबलि या गौ ग्रास कहा जाता है। हिंदू धार्मिक परंपरा में गाय को पवित्र माना गया है। मान्यता है कि गाय में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। इसलिए श्राद्ध के समय उसे भोजन कराने से देवताओं के साथ पितरों का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है। घर में बने भोजन का एक हिस्सा गाय को श्रद्धापूर्वक खिलाया जाता है।
⚜️कौए को भोजन देने की क्या मान्यता है?
卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐
पंचबलि में दूसरी बलि कौए के लिए निकाली जाती है। श्राद्ध कर्म में कौए को पितरों और यम से जुड़ा हुआ माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कौए के माध्यम से अर्पित किया गया भोजन पूर्वजों तक पहुंचता है। यही वजह है कि श्राद्ध के दौरान कौए के लिए भोजन रखने की परंपरा निभाई जाती है। कौआ भोजन ग्रहण कर ले, तो इसे पितरों की तृप्ति का संकेत मानते हैं। पंचबलि कर्म के दौरान परिवार के लोग पूर्वजों को याद करते हुए श्रद्धा के साथ अन्न अर्पित करते हैं।
⚜️कुत्ते को भोजन देने का क्या कारण?
卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐
पंचबलि में तीसरा हिस्सा श्वान यानी कुत्ते के लिए रखा जाता है। धार्मिक मान्यताओं में कुत्ते का संबंध यम से बताया गया है। इसी कारण श्राद्ध के दौरान उसे भोजन कराने की परंपरा को विशेष महत्व दिया जाता है। माना जाता है कि कुत्ते को अन्न देने से पितरों की तृप्ति होती है और उनका आशीर्वाद परिवार पर बना रहता है। इसके पीछे एक भाव यह भी है कि श्राद्ध केवल अपने पूर्वजों को याद करने तक सीमित ना रहे, बल्कि जीवों के प्रति दया और करुणा का भाव भी मन में बना रहे। इसलिए कुत्ते को भोजन कराना पंचबलि का हिस्सा माना गया है।
⚜️देवताओं और चींटी के लिए क्यों अर्पित होता है अन्न?
卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐卐
पंचबलि में चौथा अंश देवताओं के लिए और पांचवां चींटियों के लिए रखा जाता है। धार्मिक मान्यता में देवताओं को अन्न अर्पित करने से पितरों और देव शक्तियों दोनों का स्मरण होता है। वहीं चींटी के लिए भोजन रखना छोटे से छोटे जीव के प्रति करुणा का भाव दर्शाता है। चींटी को भी पितरों का संदेशवाहक माना गया है। इस तरह पंचबलि में गाय से लेकर चींटी तक अलग-अलग जीवों को भोजन देने की परंपरा दिखाई देती है।
🛑पितृ पक्ष में पंचबलि कर्म पूर्वजों की स्मृति के साथ सेवा, दया और सभी जीवों के प्रति सम्मान का संदेश भी देता है।
*🚩हरिऊँ🚩*
🙏🏻🙏🏻🙏🏻
💐💐💐💐💐💐💐💐💐








