सतौन में हर्षवर्धन चौहान का जनसंपर्क, समस्याओं के बीच विकास का सियासी संदेश

Share this post

अपने निर्वाचन क्षेत्र के मुख्य द्वार पर मंत्री ने सुनीं जनता की शिकायतें, सामूहिक मुद्दों से लेकर व्यक्तिगत समस्याओं तक पहुंची फरियाद

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई: शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र के मुख्य प्रवेश द्वार सतौन में क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया। मंत्री के सतौन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने सामूहिक जनसमस्याओं के साथ-साथ व्यक्तिगत मामलों को भी उनके समक्ष रखा।


सतौन में आयोजित इस जनसंवाद को क्षेत्र की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने निर्वाचन क्षेत्र में मंत्री ने लोगों के बीच पहुंचकर स्थानीय मुद्दों की नब्ज टटोलने के साथ विकास कार्यों और जनसमस्याओं से जुड़े मामलों को सुना। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न स्थानीय जरूरतों से जुड़े मुद्दे उठाए।
मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनसंवाद के दौरान क्षेत्रवासियों की व्यक्तिगत फरियादों के साथ सामूहिक समस्याओं की लंबी सूची भी सामने आई, जिससे स्पष्ट रहा कि स्थानीय स्तर पर विकास और मूलभूत सुविधाएं अभी भी जनता के संवाद का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं।
शिलाई में राजनीतिक गतिविधियों के बीच मंत्री का यह प्रवास कांग्रेस सरकार के विकास कार्यों और स्थानीय जनता से सीधे संपर्क को लेकर भी अहम माना जा रहा है। सतौन, जो शिलाई विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश द्वार है, में मंत्री का जनसंवाद क्षेत्र की राजनीतिक सक्रियता के लिहाज से भी चर्चा में रहा।