देवभूमि न्यूज 24
मंडी जिला मुख्यालय मंडी शहर को उसके पौराणिक एवं ऐतिहासिक नाम ‘श्री मांडव्य नगर’ के नाम से नामांकित किए जाने की मांग एक बार फिर उठी है। श्री सिद्ध गणपति मंदिर में 20 अगस्त 1989 को ‘श्री मांडव्य नगर गणेशोत्सव’ की स्थापना करने वाले संस्थापक एवं संचालक राजीव शर्मन ने प्रधानमंत्री, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंडी लोकसभा सांसद तथा सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल शर्मा से इस दिशा में पहल करने की अपील की है।राजीव शर्मन के अनुसार मंडी की पहचान केवल एक शहर के रूप में नहीं, बल्कि पौराणिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत से जुड़ी हुई है। उनके अनुसार रियासतकालीन दौर में व्यास नदी के पार नई मंडी नगरी बसाए जाने के साथ ही इस क्षेत्र की पहचान ‘श्री मांडव्य नगर’ से जुड़ी रही है। इसी ऐतिहासिक विरासत को वर्तमान में आधिकारिक पहचान दिलाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि मंडी शहर के नाम का विस्तार करते हुए ‘श्री मांडव्य नगर’ नाम को स्वीकृति दिलाने की दिशा में प्रयास होने चाहिए। इससे शहर की पौराणिक और सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान मिलने के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।मांडव्य ऋषि की प्रतिमा और मंदिर बनाने की मांगराजीव शर्मन ने व्यास नदी के समीप स्थित मांडव्य शिला को भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है। मान्यता है कि इसी क्षेत्र में मांडव्य ऋषि ने तपस्या की थी। उन्होंने मांडव्य शिला के समीप मांडव्य ऋषि की भव्य प्रतिमा स्थापित करने तथा मंदिर का निर्माण करवाने का सुझाव दिया है, ताकि इस पौराणिक विरासत को संरक्षित किया जा सके।उन्होंने क्षेत्र में ‘श्री मांडव्य नगर झील’ के निर्माण की मांग भी रखी है। उनका कहना है कि धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को विकसित करने की दृष्टि से ऐसी परियोजना मंडी की पहचान को और मजबूत कर सकती है।गुरु गोविंद सिंह से जुड़ी लोकमान्यता का भी उल्लेखमांडव्य शिला से जुड़ी स्थानीय लोकमान्यता का उल्लेख करते हुए राजीव शर्मन ने कहा कि राजा सिद्धसेन के समय श्री गुरु गोविंद सिंह जी के मंडी प्रवास से जुड़ी परंपराएं भी इस क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान का हिस्सा हैं। लोकमान्यता के अनुसार गुरु गोविंद सिंह जी द्वारा एक हांडी फेंके जाने के बाद उसके सुरक्षित रहने से मंडी की सुरक्षा को लेकर आशीर्वचन दिया गया था।उन्होंने कहा कि ऐसी लोकपरंपराओं और ऐतिहासिक स्थलों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए मांडव्य शिला क्षेत्र का संरक्षण, मांडव्य ऋषि मंदिर का निर्माण और शहर के ऐतिहासिक नाम को पहचान दिलाने की दिशा में ठोस पहल की जानी चाहिए।राजीव शर्मन ने केंद्र और प्रदेश सरकार से मांग की है कि मंडी शहर की पौराणिक पहचान को ध्यान में रखते हुए ‘श्री मांडव्य नगर’ नामकरण की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाए तथा मांडव्य शिला और इससे जुड़ी धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।








