हितेश जैन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
सूरज बड़जात्या की अपकमिंग म्यूजिकल फैमिली एंटरटेनर ‘ये प्रेम मोल लिया’ ने अपने सिग्नेचर एलिमेंट्स – प्यार और परिवार की भावना को जगाते हुए अपने अपकमिंग टाइटल ट्रैक का मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया है। यह मोशन पोस्टर उस जादू की एक छोटी सी झलक देता है जो 20 सितंबर को मुंबई के आइकॉनिक रॉयल ओपेरा हाउस में होने जा रहा है, जहां हिमेश रेशमिया 25 म्यूजिशियन्स के ऑर्केस्ट्रा के साथ लाइव परफॉर्मेंस देंगे।
इस मोशन पोस्टर के रिलीज ने अपकमिंग टाइटल ट्रैक के लिए उत्सुकता और बढ़ा दी है। मेकर्स ने पारंपरिक डिजिटल सॉन्ग लॉन्च को छोड़कर दर्शकों के लिए एक यादगार म्यूजिकल शाम का आयोजन किया है।
मेकर्स की ऑफिशियल पोस्ट में लिखा था, “जादू की एक छोटी सी झलक जो आपके पास आ रही है… ❤️ हमारे टाइटल ट्रैक को उसकी पूरी शान में एक्सपीरियंस करने के लिए हम और इंतजार नहीं कर सकते!”
राजश्री प्रोडक्शंस की विरासत को देखते हुए यह म्यूजिकल इवेंट और भी खास है, क्योंकि फिल्म में संगीत केंद्रीय भूमिका में है। ‘ये प्रेम मोल लिया’ को एक हिमेश रेशमिया म्यूजिकल के तौर पर पेश किया गया है और कहा जा रहा है कि उन्होंने फिल्म के लिए सात गाने कंपोज किए हैं, जिनका ब्रीफ था – सरल, सोलफुल और मास अपील वाला म्यूजिक बनाना।
हिमेश रेशमिया ‘प्रेम रतन धन पायो’ के बाद सूरज बड़जात्या के साथ फिर से साथ आ रहे हैं। ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी की फ्रेश जोड़ी पहली बार साथ नजर आएगी। फिल्म का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है और इसे राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।
‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स द्वारा एक बड़े पर्दे की फैमिली एंटरटेनर के रूप में पेश किया जा रहा है।








