देवभूमि न्यूज 24
शिमला, 20 सितंबर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला शिमला की ओर से युवा उत्सव गतिविधियों के तहत रविवार को जिला स्तरीय रेड रन मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन का शुभारंभ प्रातः 7 बजे चौड़ा मैदान से हुआ। इसका उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बचाव एवं रोकथाम को लेकर सही जानकारी का प्रसार करना रहा।
मैराथन में शिमला जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 40 लड़के और 40 लड़कियां शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने चौड़ा मैदान से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, समरहिल तक दौड़ लगाई और वापस चौड़ा मैदान पहुंचे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को एचआईवी/एड्स से जुड़े तथ्यों, बचाव और रोकथाम के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। उन्होंने युवाओं से जागरूकता संदेश को समाज के अन्य वर्गों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
लड़कों की श्रेणी में विजेता
प्रथम: जतिन, राजीव गांधी राजकीय डिग्री कॉलेज कोटशेरा
द्वितीय: देव, राजीव गांधी राजकीय डिग्री कॉलेज कोटशेरा
तृतीय: राम कृष्ण, राजीव गांधी राजकीय डिग्री कॉलेज कोटशेरा
लड़कियों की श्रेणी में विजेता
प्रथम: अनामिका, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला
द्वितीय: बिपाशा, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला
तृतीय: कुसुम, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला
विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने रेड रन मैराथन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तहसीन भी उपस्थित रहे।
रेड रन मैराथन में दौड़े 80 युवा, एचआईवी/एड्स जागरूकता का दिया संदेश








