पार्वती जल विद्युत परियोजना की सुरंग में रिसाव से रैला में दहशत

Share this post

तेज आवाज के साथ रिहायशी इलाकों में घुसा पानी, लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे; धलायारू गांव भी कराया खाली
देवभूमि न्यूज 24
कुल्लू : पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण-2 की रैला स्थित शर्ज शाफ्ट की एडिट-5 सुरंग में पानी के रिसाव की घटना से रैला से सिउंड तक के क्षेत्र में दहशत फैल गई। सुरंग से तेज गति से पानी आने और इसकी भयावह आवाज सुनकर स्थानीय लोग घबरा गए तथा कई परिवार अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

बताया जा रहा है कि पानी रैला स्थित गांव और आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में भी पहुंच गया। घटना के बाद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा की दृष्टि से धलायारू गांव को भी खाली करवाया गया।

पानी के तेज बहाव और सुरंग के भीतर से आ रही तेज आवाज के कारण रैला से सिउंड तक रहने वाले लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक पैदा हुई स्थिति से उन्हें अपने घरों और परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

फिलहाल स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। सुरंग से पानी के रिसाव के कारणों और इससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।