सिरमौर में नशे और अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, सड़क हादसे में दो की मौत
सिरमौर में नशे और अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा
माजरा में 2.350 किलो भुक्की बरामद, अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति पकड़ा; कालाआंब में सड़क हादसे में दो की मौत, ट्रक चालक गिरफ्तार
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
सिरमौर, 20 सितंबर : जिला सिरमौर पुलिस ने नशे और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। वहीं, कालाआंब थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने संबंधित मामलों में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक से 2.350 किलो भुक्की बरामद
पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत एसआईयू नाहन की टीम ने गश्त के दौरान बेहड़ेवाला के समीप गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 2 किलो 350 ग्राम भुक्की/पॉपी हस्क बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सुखवीर निवासी पांवटा साहिब के रूप में हुई है, जो ट्रक चलाने का काम करता है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
मकान से चार लीटर अवैध शराब बरामद
एक अन्य कार्रवाई में माजरा पुलिस ने 19 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर टोका नंगला, जामनीवाला में एक व्यक्ति के रिहायशी मकान से चार लीटर अवैध शराब बरामद की। आरोपी की पहचान बुधराम निवासी टोका नंगला के रूप में हुई है। पुलिस थाना माजरा में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
कालाआंब में ट्रक की टक्कर से दो की मौत
पुलिस थाना कालाआंब के अंतर्गत त्रिलोकपुर रोड पर 19 सितंबर की रात सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार हादसा रात करीब 9:15 बजे जे. एलॉय कंपनी के गेट के सामने हुआ। शिकायतकर्ता के मुताबिक त्रिलोकपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने गलत दिशा में आकर सामने से अपनी सही दिशा में जा रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार ज्ञान सिंह (44) निवासी सोलधा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा और सुरदीप कुमार (38) निवासी बिहार की मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।








