रघुवीर राणा,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र की ओर से ग्राम पंचायत दुगाना और बद्रीपुर में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। शिविर में स्थानीय लोगों के साथ युवा, किसान, महिलाएं और पंचायत वार्ड सदस्य शामिल हुए।

शिविर में वित्तीय साक्षरता समन्वयक बलबीर सिंह ने बैंक की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के माध्यम से लोगों को सामाजिक एवं वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।

किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के उपयोग, इसकी सुविधाओं और इसके माध्यम से मिलने वाली वित्तीय सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं, डिजिटल लेन-देन के बढ़ते प्रचलन के बीच ऑनलाइन ठगी और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए गए। लोगों से डिजिटल लेन-देन करते समय सतर्कता बरतने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने का आग्रह किया गया।








