*कार्तिकेय तोमर*
*देवभूमि न्यूज 24*
सुन्नी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी में नशा निवारण समिति की फेज-II, पार्ट-II बैठक उपमंडलाधिकारी (ना.) सुन्नी राजेश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नशे की रोकथाम के लिए समिति की ओर से किए जा रहे कार्यों और अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों ने नशे की रोकथाम और जन-जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशा निवारण गतिविधियों को निरंतर जारी रखने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम राजेश वर्मा ने बताया कि नगर पंचायत सुन्नी क्षेत्र को नशे के दृष्टिगत ‘अति संवेदनशील क्षेत्र/पंचायत’ के रूप में चिन्हित किया गया है। ऐसे में क्षेत्र में नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता और रोकथाम अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने समिति सदस्यों और संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पंचायत सुन्नी को नशा निवारण समितियों का आवश्यकतानुसार पुनर्गठन करने के निर्देश भी दिए गए। समितियों में इच्छुक, जिम्मेदार और सक्रिय लोगों को शामिल करने पर जोर दिया गया, ताकि नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी को मजबूत किया जा सके।
इसके अलावा नगर पंचायत के नवनिर्वाचित पार्षदों को भी नशा निवारण समिति में अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश दिए गए। इससे स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ नशा विरोधी जागरूकता गतिविधियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
बैठक में तहसीलदार सुन्नी सुनील चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष सत्या वर्मा, समिति सदस्य, महिला मंडल प्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








