बंद सरकारी संस्थानों को बहाल करे सरकार : भाजपा

Share this post

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर रेणुका की अनदेखी का लगाया आरोप
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

नाहन रेणुका क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कांग्रेस सरकार से पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए सरकारी संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने की मांग की है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता संभालने के बाद जनता की सुविधा के लिए खोले गए कई संस्थानों को बंद कर दिया था।
भाजपा नेताओं के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में हरिपुरधार में सिविल अस्पताल, विद्युत विभाग का सहायक अभियंता कार्यालय, गाताधार में जल शक्ति विभाग का कनिष्ठ अभियंता कार्यालय, संगड़ाह में विद्युत विभाग का अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता कार्यालय, धारटीधार और सेनधार में सरकारी आईटीआई तथा ददाहू में विकासखंड कार्यालय खोले गए थे। इनमें से ददाहू विकासखंड कार्यालय को करीब तीन वर्ष बाद बहाल किया गया है, जबकि अन्य संस्थान अभी भी बंद हैं।
भाजपा नेताओं ने रेणुका विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि यदि सरकार नए सरकारी संस्थान नहीं खोल सकती तो पहले से स्वीकृत और संचालित रहे संस्थानों को ही जनता की सुविधा के लिए बहाल किया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं ने रेणुका क्षेत्र के विकास को लेकर जनता से कई वादे किए थे, लेकिन धरातल पर अपेक्षित नए सरकारी संस्थान स्थापित नहीं हो पाए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधि और सरकार विकास के लिए चुने जाते हैं, संस्थानों को बंद करने के लिए नहीं।
संयुक्त बयान जारी करने वालों में वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष नोहराधार भरत भूषण चौहान, मंडल अध्यक्ष संगड़ाह बलवीर सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष ददाहू राजेंद्र ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बलबीर सिंह ठाकुर, प्रताप तोमर, भाजपा जिला महामंत्री रणवीर सिंह ठाकुर तथा जिला प्रवक्ता मेलाराम शर्मा और प्रताप सिंह रावत शामिल रहे