कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई: उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मंगलवार को अपने शिलाई प्रवास के दौरान शिलाई विधानसभा क्षेत्र के गांव ठोठा जाखल में नवनिर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।
स्वास्थ्य उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे आसपास के गांवों के लोगों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर स्थित स्वास्थ्य संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ कर आम लोगों को उनके घर-द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।








