रेणुका मेले में मुख्यमंत्री के न पहुंचने पर भाजपा ने उठाए सवाल

Share this post

प्रताप सिंह रावत बोले प्रवास तय कर बार-बार निरस्त करना रेणुका की जनता के साथ धोखा

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

नाहन : भाजपा जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं रेणुका विधायक विनय कुमार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री के अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले में न पहुंचने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री का रेणुका आने का कार्यक्रम बार-बार तय होने के बाद निरस्त क्यों हो जाता है और इसे किस तरह का व्यवस्था परिवर्तन माना जाए।
रावत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले से देश-प्रदेश के लाखों लोगों की आस्था और भावनाएं जुड़ी हैं। उनके अनुसार मुख्यमंत्री द्वारा मेले में आने की वर्षों पुरानी परंपरा को तोड़ने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में प्रदेशवासियों से स्पष्टीकरण देने की मांग की।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री निजी कार्यक्रमों और शादी समारोहों में पहुंचते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले में शामिल नहीं होते। उन्होंने कहा कि मेले के रेणु मंच से सिरमौर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के विकास से जुड़ी घोषणाएं होती रही हैं और मुख्यमंत्री का मेले में न पहुंचना क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है।
रावत ने रेणुका विधायक एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार को भी क्षेत्र की जनता को बार-बार निराश किए जाने के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री और विनय कुमार के राजनीतिक संबंधों में कथित खटास के कारण रेणुका की जनता को इसका नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद रेणुका क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उनके मुताबिक क्षेत्र के शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थिति खराब है, सड़कें बदहाल हैं तथा पंचायत स्तर पर विकास कार्य भी प्रभावित हुए हैं।
रावत ने ददाहू में कृषि एवं ग्रामीण बैंक तथा विकासखंड कार्यालय को निजी भवन में चलाए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन संस्थानों के लिए लाखों रुपये किराए के रूप में खर्च किए जा रहे हैं, जबकि ददाहू में पंचायत भवन उपलब्ध है, जहां सरकारी भवन बनने तक इन कार्यालयों को चलाया जा सकता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल में पारदर्शिता के बजाय कुछ लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाया जा रहा है। रावत ने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को जनता के बीच उठाती रहेगी और सरकार से क्षेत्र के विकास कार्यों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग करेगी।