कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन/सराहां : राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले के दूसरे दिन नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वामन द्वादशी मेला दशकों से धूमधाम के साथ आयोजित होता आ रहा है और प्रदेशभर में इसकी विशिष्ट पहचान है। मेले में हिमाचल प्रदेश के अलावा बाहरी राज्यों से भी लोग पहुंचते हैं तथा दंगल प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है।
अजय सोलंकी ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और सामाजिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मेले लोगों को आपसी मेल-जोल और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर देने के साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा देते हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अपनी जरूरत का सामान खरीदने के साथ स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी करते हैं, जिससे उन्हें व्यापार के अवसर मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों के हित में लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। सीमित संसाधनों के बावजूद किसानों, बागवानों और मजदूरों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
इससे पहले पच्छाद की एसडीएम एवं राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला सराहां की सदस्य सचिव डॉ. प्रियंका चंद्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने विधायक को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद परमार, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, ऊषा तोमर, रणधीर पंवार, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।








