ब्यूरो देवभूमि न्यूज 24
शिलाई, 24 सितम्बर 2026। राजकीय महाविद्यालय शिलाई में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज ने शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारियों प्रो. रंजना चौहान एवं प्रो. यशपाल शर्मा के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना अध्यक्ष प्रियंश राणा ने किया, जबकि अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत कार्यक्रम अधिकारी प्रो. रंजना चौहान ने किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत ज्योतिका के नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं ने हास्य नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। इसके तुरंत बाद अनुपम ने राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शानदार नाटी प्रस्तुत की, जिसे सभी ने खूब सराहा। इसके पश्चात तमन्ना के नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। अंत में तनुजा एवं प्रज्ञा के नेतृत्व में प्रस्तुत पहाड़ी नाटी ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया तथा उपस्थित लोगों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया।
मुख्य अतिथि प्रो. गोपाल भारद्वाज ने सफल आयोजन के लिए समस्त राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार को बधाई दी तथा स्वयंसेवकों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो. यशपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि, महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।








