राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
अम्ब, 24 सितंबर। जिला ऊना के अम्ब उपमंडल में तीन दशक से अधिक समय से आयोजित किए जा रहे सार्वजनिक श्री अम्बिकानगर-अम्ब गणेशोत्सव का अनंत चतुर्दशी के अवसर पर विधिवत समापन हुआ। संस्थापक राजीव शर्मन की अगुवाई में आयोजित समारोह में श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा का पूजन-अर्चन कर 108 सांकेतिक सुपारी विग्रहों का सोमभद्रा-स्वां नदी में विसर्जन किया।
आयोजकों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाने में जिला मंडी और जिला ऊना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मंडी शहर में वर्ष 1989 में श्री मांडव्य नगर गणेशोत्सव की शुरुआत हुई थी, जबकि जिला ऊना में वर्ष 1997 में सार्वजनिक गणेशोत्सव का शुभारंभ किया गया। अम्ब क्षेत्र में इस वर्ष 29वें गणेशोत्सव का आयोजन हुआ।

अम्ब क्षेत्र में सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत वर्ष 1997 में पौराणिक नगर चौकीमन्यार में हुई थी। राजकीय हाई स्कूल चौकीमन्यार के विद्यार्थियों और स्टाफ ने गारनी नदी में गणपति पूजन के बाद विसर्जन कर क्षेत्र में सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 1998 से अम्बिकानगर-अम्ब स्थित रियासतकालीन श्री अम्बिका माता मंदिर परिसर में आमजन की भागीदारी के साथ यह आयोजन निरंतर आगे बढ़ा।
समय के साथ गणेशोत्सव जिला ऊना के विभिन्न क्षेत्रों में भी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन के रूप में विस्तार करता गया। अम्बिकानगर-अम्ब साहित्य परिषद और गणपति उत्सव समिति की ओर से आयोजन के दौरान राज्य स्तरीय कवि सम्मेलनों का आयोजन भी किया गया, जिससे धार्मिक कार्यक्रम के साथ साहित्यिक और सांस्कृतिक संवाद को भी मंच मिला।
आयोजकों के अनुसार तत्कालीन उपायुक्त के.आर. भारती और एसडीएम अम्ब अश्वनी रमेश ने भी राज्य स्तरीय कवि सम्मेलनों के आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया था। गणेशोत्सव ने धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान, साहित्यिक मेल-मिलाप और सामाजिक समरसता के स्वरूप को भी मजबूत किया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनाई सांकेतिक विसर्जन परंपरा
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए आयोजकों ने सोमभद्रा-स्वां नदी में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के बजाय सांकेतिक विसर्जन की परंपरा शुरू की है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी अम्बिकानगर-अम्ब कॉलोनी स्थित राजीव शर्मन के आवास पर 108 सांकेतिक सुपारी विग्रह स्थापित किए गए। 11 दिनों तक सुबह-शाम षोडशोपचार पूजन के साथ श्री गणेश पुराण कथा का वाचन किया गया।
अनंत चतुर्दशी पर इन 108 सांकेतिक विग्रहों का विधिवत विसर्जन किया गया। आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
राजीव शर्मन ने कहा कि हिमाचल में सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाने में मंडी और ऊना की धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि श्री मांडव्य नगर गणेशोत्सव और श्री अम्बिकानगर-अम्ब गणेशोत्सव इस परंपरा के प्रमुख उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी गणेशोत्सव को धार्मिक-सांस्कृतिक आदान-प्रदान, साहित्यिक मेल-मिलाप और विश्व बंधुत्व की भावना के साथ निरंतर आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने भविष्य में श्री अम्बिकानगर-अम्ब गणेशोत्सव को भाषा एवं संस्कृति विभाग की पहल से सरकारी मेले के रूप में मान्यता मिलने की संभावना भी जताई।








