108 सांकेतिक सुपारी विग्रहों के विसर्जन से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, तीन दशक से
धार्मिक-सांस्कृतिक समरसता का केंद्र बना अम्बिकानगर-अम्ब गणेशोत्सव
राजीव शर्मन ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
अम्ब अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को जिला ऊना मुख्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर आयोजित सार्वजनिक गणेशोत्सवों का विधिवत समापन हुआ। अम्ब उपमंडल में पिछले तीन दशकों से आयोजित हो रहे 29वें श्री अम्बिकानगर-अम्ब गणेशोत्सव का समापन धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। गणपति उत्सव कमेटी अम्ब की ओर से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के स्थान पर प्रतीकात्मक रूप से 108 सुपारी विग्रहों का सोमभद्रा-स्वां नदी में विसर्जन किया गया।
विसर्जन के दौरान पूरा वातावरण गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्री गणेश को अगले वर्ष पुन: पधारने का निमंत्रण देते हुए विदाई दी। आयोजकों ने गणेश प्रतिमा के नदी में विसर्जन के स्थान पर सांकेतिक सुपारी, जनेऊ और नारियल विसर्जन की परंपरा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
1997 में चौकीमन्यार से हुई थी शुरुआत
आयोजकों के अनुसार अम्ब क्षेत्र में सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत वर्ष 1997 में पौराणिक नगर चौकीमन्यार से हुई थी। राजकीय हाई स्कूल चौकीमन्यार के विद्यार्थियों और स्टाफ ने गारनी नदी में गणपति पूजा का विसर्जन कर इस परंपरा की शुरुआत की थी। वर्ष 1998 में श्री अम्बिकानगर-अम्ब स्थित रियासतकालीन अधिष्ठात्री मां अम्बिका के मंदिर परिसर में आमजन की सहभागिता से गणेशोत्सव का आयोजन आगे बढ़ा।
समय के साथ यह आयोजन पूरे जिला ऊना में सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा को बढ़ावा देने वाला प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन बन गया। अम्बिकानगर-अम्ब साहित्य परिषद और गणपति उत्सव कमेटी की ओर से गणेशोत्सव के दौरान राज्य स्तरीय कवि सम्मेलनों का आयोजन भी किया जाता रहा है। इससे धार्मिक आयोजन के साथ साहित्यिक और सांस्कृतिक मेल-मिलाप को भी मंच मिला।
मंडी में 1989 में शुरू हुआ था सार्वजनिक गणेशोत्सव
आयोजक राजीव शर्मन के अनुसार हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा का एक प्रमुख प्रारंभ मंडी शहर में हुआ। दक्षिण भारत की तर्ज पर पौराणिक रियासतकालीन श्री सिद्ध गणपति मंदिर में वर्ष 1989 में श्री मांडव्य नगर गणेशोत्सव समिति के माध्यम से सार्वजनिक गणेशोत्सव का आयोजन शुरू किया गया था। इसके बाद वर्ष 1997 में जिला ऊना के चौकीमन्यार में सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत हुई।
हिमाचल के सार्वजनिक गणेशोत्सवों की शोभायात्राओं में स्थानीय देवी-देवताओं के रथों की सहभागिता इसे विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान करती है। मंडी को छोटी काशी और ऊना को छोटा हरिद्वार के रूप में भी जाना जाता है।
11 दिन तक हुआ गणपति पूजन
अम्बिकानगर-अम्ब कॉलोनी में संस्थापक राजीव शर्मन के आवास पर इस वर्ष भी 108 सांकेतिक सुपारी विग्रह स्थापित किए गए। 11 दिनों तक सुबह-शाम षोडशोपचार विधि से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान श्री गणेश पुराण कथा का वाचन भी किया गया।
राजीव शर्मन ने कहा कि सार्वजनिक श्री अम्बिकानगर-अम्ब गणेशोत्सव को भविष्य में धार्मिक-सांस्कृतिक आदान-प्रदान, साहित्यिक मेल-मिलाप और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा को मजबूत करने में मंडी और ऊना की धार्मिक जनता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भाषा एवं संस्कृति विभाग की सकारात्मक पहल के माध्यम से श्री अम्बिकानगर-अम्ब गणेशोत्सव को सरकारी मेले का दर्जा दिलाने की दिशा में भी प्रयास किए जा सकते हैं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के साथ भगवान श्री गणेश को विदाई दी।








