कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पनोग में जेबीपी (JBP) फाउंडेशन के तत्वावधान में छात्र प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता तथा कक्षा स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। समारोह के दौरान कुल ₹68,800 की राशि वितरित की गई।
जेबीपी फाउंडेशन की ओर से गरीब परिवारों के होनहार विद्यार्थियों को ₹12,000 प्रति छात्र की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके अलावा प्रत्येक कक्षा के टॉपर को ₹1,100 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में रितु पोजटा, रवीना, आरुषि, तमन्ना और आंचल शामिल रहे।
वहीं, कक्षा टॉपर विद्यार्थियों में छठी कक्षा की काव्यांजलि, सातवीं के विनीत शर्मा, आठवीं की अनुक्षा और मुस्कान शर्मा, नौवीं के प्रिंस, दसवीं की रितिका, ग्यारहवीं के अतुल पोजटा तथा बारहवीं की शालू को ₹1,100-₹1,100 की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जेबीपी फाउंडेशन के सदस्य एवं सेवानिवृत्त प्रवक्ता बलबीर शर्मा ने संगठन की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को वार्षिक प्रोत्साहन देने, 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को ₹12,000 की आर्थिक सहायता देने तथा विशेष परिस्थितियों में आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। दूरदराज के विद्यार्थियों को परीक्षाओं के दौरान यात्रा एवं ठहरने की सुविधा देने तथा सरकारी विद्यालयों में प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में भी संगठन कार्य कर रहा है।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय सिंह रणोत, उप-प्रधानाचार्य सुरेश सिंगटा, जेबीपी फाउंडेशन के सदस्य वीरेंद्र शर्मा, रवि पराशर, वालंटियर साक्षी ठाकुर, शिक्षिका एवं संगठन की सदस्य मीरा चौहान सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग और विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों एवं शिक्षकों ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








