कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई : एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक जीतते ही सिरमौर के शिलाई में जश्न का माहौल बन गया। टीम की कप्तान पुष्पा राणा और खिलाड़ी ऋतु नेगी की शानदार उपलब्धि की खबर मिलते ही खेल प्रेमियों और दोनों खिलाड़ियों के परिजनों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। पहाड़ की इन दो बेटियों की उपलब्धि ने शिलाई का नाम अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर रोशन कर दिया।
पुष्पा राणा के पिता एवं प्राथमिक पाठशाला बिंडला में जेबीटी अध्यापक जयपाल राणा ने बेटी की स्वर्णिम सफलता की खुशी विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों के साथ साझा की। उन्होंने स्कूल के बच्चों को मिठाइयां बांटीं और भारतीय टीम की जीत पर खुशी जताई। जैसे ही स्कूल में पुष्पा की कप्तानी में भारतीय टीम के स्वर्ण जीतने की खबर पहुंची, बच्चों और शिक्षकों में उत्साह छा गया।
इष्टदेव की पूजा के बाद बांटी मिठाई
बेटी की सफलता की खबर मिलने से पहले जयपाल राणा और उनकी धर्मपत्नी ने अपने इष्टदेव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने विद्यालय पहुंचकर बच्चों को मिठाई खिलाई। जयपाल राणा ने कहा कि यह खुशी केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल और देशवासियों की है। उन्होंने कहा कि पुष्पा और भारतीय टीम की अन्य खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है।
दो बेटियों की उपलब्धि, पूरे शिलाई का गर्व
पुष्पा राणा और ऋतु नेगी की सफलता से शिलाई क्षेत्र में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि पहाड़ की बेटियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नई मिसाल कायम की है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से शिलाई में दिनभर बधाइयों का दौर चलता रहा।








