देवभूमि न्यूज 24
चंडीगढ़ :पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर की ओर से दायर मानहानि मामले में चंडीगढ़ जिला अदालत ने रिटायर्ड जस्टिस रणजीत सिंह के खिलाफ 8 सितंबर को जारी एकपक्षीय अंतरिम रोक हटा दी है। अदालत ने यह आदेश रिटायर्ड जस्टिस रणजीत सिंह की ओर से दाखिल आवेदन पर सुनवाई के बाद दिया।
8 सितंबर के आदेश में रणजीत सिंह के साथ अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को गुरप्रीत कौर के खिलाफ कथित रूप से अपुष्ट मानहानिकारक सामग्री प्रकाशित या प्रसारित करने से रोका गया था। ताजा आदेश में रोक विशेष रूप से रणजीत सिंह के संबंध में हटाई गई है।
अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता द्वारा महत्वपूर्ण तथ्यों को अदालत के समक्ष पूरी तरह प्रस्तुत नहीं किया गया था। मामले में अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी, जिसमें मुकदमे की पोषणीयता सहित अन्य पहलुओं पर सुनवाई होनी है।
यह मामला उस आरोप से जुड़ा है जिसमें गुरप्रीत कौर पर दुष्कर्म के एक आरोपी से मामला दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये की कथित मांग का आरोप लगाया गया था। हालांकि, संबंधित आरोपों की सत्यता का अंतिम न्यायिक निर्धारण अभी नहीं हुआ है।








