मिल्लाह की बेटी ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तानी कर रचा इतिहास
एशियाई खेलों में देश को दिलाया स्वर्ण; संघर्ष, अनुशासन और परिवार के सहयोग से हासिल किया मुकाम
*देवभूमि न्यूज 24*
शिलाई सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के छोटे से गांव मिल्लाह की बेटी पुष्पा राणा ने अपनी प्रतिभा, संघर्ष और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी के पटल पर हिमाचल का नाम रोशन किया है। हाल ही में जापान में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तानी करते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाली पुष्पा राणा की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि ग्रामीण परिवेश की बेटियां भी अवसर मिलने पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
पुष्पा राणा का कबड्डी से जुड़ाव वर्ष 2013 में शुरू हुआ। पिछले करीब 14 वर्षों के खेल सफर में उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कीं। राष्ट्रीय स्तर पर उनके नाम 18 पदक 10 स्वर्ण और 8 रजत हैं। वह हिमाचल महिला कबड्डी टीम की सात बार कप्तान रह चुकी हैं और भारतीय टीम की दो बार उपकप्तान भी रह चुकी हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुष्पा ने वर्ष 2019 में ईरान में स्वर्ण, वर्ष 2023 में चीन में आयोजित एशियाई खेलों में स्वर्ण और वर्ष 2025 में बांग्लादेश में आयोजित विश्व कप में स्वर्ण पदक हासिल किया। हालिया एशियाई खेलों में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए स्वर्ण पदक जीतना उनके सफर की एक और बड़ी उपलब्धि बन गया है।
पिता भी रहे कबड्डी खिलाड़ी, बेटी को दिया खेल का संस्कार
पुष्पा राणा की सफलता के पीछे उनके पिता जयपाल राणा की भूमिका बेहद अहम रही है। जेबीटी शिक्षक जयपाल राणा स्वयं राज्य स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रह चुके हैं और लंबे समय से खेल अधिकारी के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं। पिता के मार्गदर्शन में पुष्पा ने कबड्डी को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार आगे बढ़ती गईं।
पुष्पा ने पांचवीं तक की शिक्षा अपने गांव मिल्लाह, आठवीं तक सरस्वती विद्या मंदिर शिलाई तथा नौवीं और दसवीं की पढ़ाई राजकीय विद्यालय शिलाई से की। दसवीं के बाद उनका चयन साई छात्रावास धर्मशाला के लिए हुआ। खेल के साथ उन्होंने शिक्षा भी जारी रखी। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह वर्तमान में अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर कर रही हैं।
नाना का मंत्र बना सफलता की ताकत
पुष्पा की सफलता में माता चंपा राणा, पिता जयपाल राणा के साथ नाना तेलु राम राणा और नानी पूनी देवी का भी योगदान रहा। नाना हमेशा उनका मनोबल बढ़ाते रहे और कहते रहे “हर हार के पीछे जीत छिपी होती है।” यही सोच पुष्पा के खेल जीवन की ताकत बनी।
स्कूल समय में उनके गुरु हीरा सिंह ठाकुर ने भी उनकी खेल प्रतिभा को तराशने में अहम भूमिका निभाई। अनुशासन, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सीख पुष्पा ने उनके मार्गदर्शन में हासिल की।
परिवार में खेल की मजबूत विरासत
पुष्पा की बड़ी बहन संतोष राणा का हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी अधिकारी के रूप में चयन हुआ है, जबकि छोटे भाई संजय राणा भी राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी हैं। यानी मिल्लाह का यह परिवार कबड्डी को केवल खेल नहीं, बल्कि मेहनत और पहचान का माध्यम बना चुका है।
बेटियों को आगे बढ़ने का देती हैं संदेश
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली पुष्पा राणा अपने गांव और क्षेत्र में पहुंचकर अभिभावकों से बेटियों को उनकी प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर देने का आग्रह करती हैं। युवाओं को वह नशे से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश भी देती हैं।
मिल्लाह से शुरू हुआ पुष्पा राणा का सफर अब अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंच चुका है। उनकी कहानी शिलाई की उन बेटियों के लिए उम्मीद की कहानी है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं।








