आगामी नवरात्रों में शुरू होगा श्री चिंतपूर्णी मंदिर सौंदर्यीकरण का कार्य : मुकेश अग्निहोत्री

Share this post

206 करोड़ रुपये की लागत से होगा भव्य सौंदर्यीकरण व विस्तारीकरण, सभी औपचारिकताएं पूरी

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

श्री चिंतपूर्णी (ऊना) माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के भव्य सौंदर्यीकरण एवं विस्तारीकरण परियोजना का कार्य आगामी नवरात्रों में आधारशिला रखने के साथ शुरू होगा। करीब 206 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को श्री चिंतपूर्णी मंदिर में पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ में भाग लेने के बाद दी।
उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर हिमाचल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। परियोजना के तहत मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं की सुविधा, बेहतर व्यवस्थाओं और धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा और व्यवस्थाएं और बेहतर होंगी। उन्होंने कहा कि माता चिंतपूर्णी, माता नैना देवी और बाबा बालक नाथ सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थल आस्था के केंद्र होने के साथ-साथ समृद्ध धार्मिक विरासत के प्रतीक हैं। मंदिरों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों का उचित एवं पारदर्शी तरीके से उपयोग किया जाना चाहिए।
रोप-वे परियोजना पर व्यापारियों से होगी बातचीत
उपमुख्यमंत्री ने चिंतपूर्णी में प्रस्तावित रोप-वे परियोजना को लेकर स्थानीय व्यापारियों की मांगों और सुझावों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि परियोजना का टेंडर हो चुका है। स्थानीय व्यापारियों की संबंधित क्रियान्वयन एजेंसी के साथ बैठक करवाकर उनकी बात सीधे एजेंसी के समक्ष रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के दौरान स्थानीय परिस्थितियों और तकनीकी संभावनाओं को देखते हुए आवश्यक समायोजन की गुंजाइश होने पर संबंधित एजेंसी के साथ विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मंदिर विकास के साथ स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाकर आगे बढ़ा जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, एसटीए सदस्य अशोक ठाकुर, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर, पूर्व पंचायत प्रधान तिलक राज शर्मा तथा बारीदार संघ के प्रधान रविंद्र छिंदा सहित अन्य उपस्थित रहे।