मेहनत और लगन से फिल्म निर्माण के क्षेत्र में बनाई पहचान, राज्यपाल से भी हुई मुलाकात
देवभूमि न्यूज 24
ब्यूरो,कुल्लू
कुल्लू : जिला कुल्लू की देउरी धार पंचायत के दरमेहड़ा गांव के युवा सम्राट रोहित ठाकुर ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके द्वारा निर्मित फिल्म का शिमला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शन हुआ, जो दरमेहड़ा गांव के साथ-साथ पूरे कुल्लू जिले के लिए गौरव का विषय है।
सम्राट रोहित ठाकुर, रामेश्वर लाल ठाकुर एवं खेलू ठाकुर के सुपुत्र हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर बिना किसी बड़े आर्थिक सहयोग के अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर फिल्म निर्माण के क्षेत्र में मुकाम हासिल करना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
फिल्म महोत्सव के दौरान सम्राट रोहित ठाकुर को फिल्म निर्देशक द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति में उन्हें उनसे मुलाकात का अवसर भी मिला।
सम्राट की इस उपलब्धि पर दरमेहड़ा गांव और देउरी धार पंचायत के लोगों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह उपलब्धि महज शुरुआत है और आने वाले समय में सम्राट रोहित ठाकुर फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करते हुए गांव, कुल्लू और हिमाचल प्रदेश का नाम देश-विदेश में रोशन करेंगे।








