जल्द होगा ब्लॉक व जोन स्तर पर कार्यकारिणी का गठन : महेश शर्मा
देवभूमि न्यूज 24
ब्यूरो,कुल्लू
कुल्लू : जिला कुल्लू कांग्रेस कमेटी की ओर से बोट चोरी के मामले को लेकर आयोजित धरने में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों ने भाग लिया। धरने के बाद पार्टी कार्यालय में कांग्रेस सेवादल की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिला अध्यक्ष महेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव एवं जिला कुल्लू के प्रभारी दीपक शर्मा तथा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शेष राम आजाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष महेश शर्मा ने कहा कि जल्द ही कांग्रेस सेवादल की ब्लॉक और जोन स्तर तक कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करते हुए पार्टी की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल गांव-गांव जाकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का प्रचार करेगा। साथ ही कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा।
बैठक में संगठन की आगामी रणनीति और विभिन्न स्तरों पर सेवादल को मजबूत करने को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव भी रखे।








