कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई : सिरमौर जिला की अंडर-14 छात्र वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय नाया के नौ खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में शिलाई ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

खो-खो प्रतियोगिता में शिलाई ब्लॉक की टीम ने राजगढ़ ब्लॉक को कड़ी टक्कर देते हुए रनर-अप ट्रॉफी हासिल की। शिलाई ब्लॉक की खो-खो टीम में राजकीय उच्च विद्यालय नाया के छह खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, वॉलीबॉल टीम में विद्यालय के तीन खिलाड़ियों ने भाग लिया।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए खो-खो में विद्यालय के दो खिलाड़ियों तथा वॉलीबॉल में एक खिलाड़ी का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
विद्यालय के मुख्य अध्यापक अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि दूरदराज क्षेत्र के इस छोटे से विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि नौ विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया और इनमें से तीन विद्यार्थियों का चयन प्रदेश स्तर के लिए हुआ है।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शारीरिक शिक्षक देवराज शर्मा और खो-खो कोच आत्मा राम शास्त्री को विशेष बधाई दी तथा खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर के लिए भी चयनित होंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी खेलों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें।








