उद्यमिता, स्वरोजगार और स्थानीय संसाधनों पर आधारित व्यवसाय के अवसरों की दी जानकारी
देवभूमि न्यूज 24
ब्यूरो,किन्नौर
किन्नौर : जिला की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रक्छम में ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व-ग्रामीण उद्यमिता केंद्र का उद्घाटन किया गया। यह केंद्र हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र एवं उद्योग विभाग के सहयोग से तथा द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब के माध्यम से स्थापित किया गया है। इसके साथ ही 28 और 29 सितंबर को दो जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन भी किया गया।

29 सितंबर को केंद्र का उद्घाटन जिला उद्योग केंद्र रिकांगपिओ के महाप्रबंधक गुरुलाल नेगी ने किया। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के समन्वयक राज सुदर्शन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रक्छम के कार्यवाहक प्रधानाचार्य यशवीर सिंह, विद्यालय का स्टाफ तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी की ओर से सहायक प्रबंधक हर्ष कुमार और कार्यक्रम समन्वयक रोहित शर्मा उपस्थित रहे।
दोनों कार्यशालाओं में विद्यार्थियों, स्थानीय युवा क्लबों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय समुदाय के 70 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशालाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता और स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं अवसरों को व्यवसायिक गतिविधियों से जोड़ना रहा।

कार्यशालाओं में प्रतिभागियों को उद्यमिता, स्वरोजगार, नए व्यवसाय, नवाचार, स्थानीय संसाधनों पर आधारित कारोबार, सरकारी योजनाओं तथा संस्थागत सहयोग की जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कौशल और पर्यटन आधारित संभावनाओं को आधुनिक तकनीक, डिजिटल माध्यमों तथा बाजार से जोड़कर नए व्यवसाय विकसित करने पर भी चर्चा की गई।
प्रारंभिक-ग्रामीण उद्यमिता केंद्र का उद्देश्य रक्छम क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय समुदाय को व्यवसायिक मार्गदर्शन, उद्यमिता के अवसर तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाना है, ताकि ग्रामीण स्तर पर रोजगार और व्यवसाय सृजन को बढ़ावा मिल सके।








