कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन : सिरमौर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाहन में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, डिटेक्शन सेल नाहन की टीम ने 28 सितंबर को नाहन-कालाअंब दो सड़का के पास गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी काबल कुमार निवासी ओलीवाला कोटड़ी, नाहन के कब्जे से 6.16 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 300 प्रेगाबालिन कैप्सूल तथा 200 टैपेंटाडोल टैबलेट भी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी नाहन शहर में नशीली दवाइयों और मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त था। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को 29 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
सराहां में ढाबे से 20 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद
सराहां। पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को नया बस अड्डा सराहां में गश्त के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने ढाबे में अवैध रूप से शराब बेच रहा है। तलाशी के दौरान ढाबे से 20 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिलाई में ढाबे से 10 बोतल देशी शराब बरामद
शिलाई : पुलिस थाना शिलाई की टीम ने नाया चौक में कार्रवाई करते हुए एक ढाबे से 10 बोतल देशी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर नोटियाल चिकन कॉर्नर नामक किराये के ढाबे में तलाशी ली गई। यहां सुरेश कुमार निवासी भटवाड़, शिलाई के कब्जे से 10 बोतल देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।








