देवभूमि न्यूज 24
ब्यूरो,शिमला
शिमला : नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आशियाना रेस्टोरेंट, द रिज शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल करने के प्रयास सफल नहीं होने के कारण कांग्रेस में निराशा और हताशा है और अब संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास तथा अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता एक ओर हाथ में संविधान की किताब लेकर देशभर में घूमते हैं और संविधान के प्रति सम्मान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर देश-विदेश में बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और मर्यादा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आजकल प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीपीटी के माध्यम से अपनी बात इस तरह प्रस्तुत की जा रही है, जैसे वही अंतिम सत्य हो। उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगाने से कोई बात सत्य नहीं हो जाती, उसके समर्थन में तथ्य भी सामने रखने पड़ते हैं।
चुनाव आयोग की बैठक के बाद तीनों चुनाव आयुक्तों की ओर से सामने आई स्थिति का उल्लेख करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस पत्र को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह कैबिनेट सचिव को भेजा गया था और उसका चुनाव आयोग के किसी नीतिगत विषय अथवा एसआईआर से संबंध नहीं था। उनके अनुसार, पत्र प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित था।
उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में कोई असहमति संबंधी नोट होता तो वह रिकॉर्ड का हिस्सा होता। तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में निर्णय बहुमत के आधार पर होते हैं। ऐसे में जिस विषय के होने का दावा किया जा रहा है, उसे विवाद का रूप देना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जयराम ठाकुर ने चुनाव आयोग के इतिहास का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से अपने शासनकाल के इतिहास पर भी नजर डालने को कहा। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्तों सुकुमार सेन, कल्याण सुंदरम, नागेंद्र सिंह, टी. स्वामीनाथन, आर.के. त्रिवेदी, वी.एस. रमादेवी, टी.एन. शेषन और एम.एस. गिल के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एम.एस. गिल मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद कांग्रेस में शामिल हुए, राज्यसभा सदस्य बने और केंद्र में मंत्री भी रहे।
उन्होंने कहा कि देश ने एक समय बूथ कैप्चरिंग और मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंचने देने जैसी घटनाएं भी देखी हैं, जबकि आज मतदाता स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सरकार चुनता है।
कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर सवाल उठाते हुए जयराम ठाकुर ने पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि क्या इन राज्यों में लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने का कारण भी ‘वोट चोरी’ है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस बताए कि हिमाचल प्रदेश में भी वोट चोरी हुई थी क्या? कर्नाटक में भी वोट चोरी हुई? जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनी, वहां चुनाव आयोग ठीक है और जहां कांग्रेस हारती है वहां चुनाव आयोग पर आरोप लगाना शुरू कर दिया जाता है।”
हिमाचल प्रदेश में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी जयराम ठाकुर ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों द्वारा चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करना, बोर्ड पर कालिख पोतना, पुतले को लात और जूते मारना तथा चुनाव आयोग को आग लगाने जैसी भाषा का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का ऐसा व्यवहार उनकी हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में चुनाव करवाए और जिसके परिणाम के आधार पर कांग्रेस की सरकार बनी, उसी संवैधानिक संस्था का सत्ता में रहते हुए अपमान करना कांग्रेस के दोहरे रवैये को दर्शाता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक करना कांग्रेस का अधिकार है, लेकिन देश कांग्रेस वर्किंग कमेटी के अनुसार नहीं, बल्कि संविधान, संवैधानिक व्यवस्थाओं और संस्थाओं के माध्यम से चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के आरोपों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं में पूर्ण विश्वास रखती है तथा संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रम को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखना उसका दायित्व है।








