*देवभूमि न्यूज 24*
किन्नौर : जिला के राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कानम में RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत द्वितीय जिला स्तरीय सेंसिटाइजेशन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (HPCED), उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से तथा द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब द्वारा आयोजित की गई।
कार्यशाला में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सोनम नेगी जी, स्टाफ सचिव श्री सुभाष नेगी जी, RAMP DIC सीनियर एक्जीक्यूटिव श्री राज सुदर्शन जी, ग्राम पंचायत कानम के प्रधान श्री हिजिन नोरबू नेगी जी, उप-प्रधान श्री छेरिंग अंग्याल जी सहित विद्यालय स्टाफ, स्थानीय ग्रामीण व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी की ओर से सहायक प्रबंधक श्री हर्ष कुमार तथा कार्यक्रम समन्वयक श्री रोहित शर्मा मौजूद रहे।
कार्यशाला में विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीण समुदाय सहित लगभग 120 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को उद्यमिता, स्वरोजगार और स्थानीय व्यवसायिक अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला के दौरान व्यवसायिक विचारों की पहचान, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यम, स्टार्टअप व स्वरोजगार के अवसर, बाजार की आवश्यकता, उत्पादों की ब्रांडिंग-पैकेजिंग और डिजिटल माध्यमों से प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रतिभागियों को कृषि-बागवानी उत्पादों, पारंपरिक कौशल, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन से जुड़े अवसरों को आधुनिक तकनीक और बेहतर बाजार संपर्क के माध्यम से व्यवसाय में बदलने के गुर भी सिखाए गए। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं, उद्यम पंजीकरण और संस्थागत सहयोग के बारे में जानकारी साझा की गई।
प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र के माध्यम से कानम व आसपास के क्षेत्रों के युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है।
देवभूमि न्यूज 24
जीवन-दर्शन, अध्यात्म, राजनीति, खेल, फिल्म, गांव से लेकर देश-दुनिया की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए – खबर/समस्या/विज्ञापन व पत्रकार बनने हेतु व्हाट्सएप करें: 9816216579








