देवभूमि न्यूज 24
छोगटाली: सिरमौर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोगटाली के विद्यार्थियों ने खेल क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के 11 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
बॉक्सिंग में तेजस्व राजपूत, पारव पुंडीर, अनुज, नैतिक ठाकुर और समीत का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वहीं, आर्या ठाकुर, अनिरुद्ध ठाकुर, अनुज, नैतिक ठाकुर और वंशिका ठाकुर का चयन अंडर-14 राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसके अलावा अंडर-19 बॉयज वर्ग में कृष चौहान राज्य स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या विजय कुमारी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक रामलाल सूर्या के निरंतर प्रयासों को जाता है। उन्होंने बताया कि रामलाल सूर्या पिछले 6-7 वर्षों से विद्यालय के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं प्रशिक्षक रामलाल सूर्या ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों, एसएमसी के कर्मठ प्रधान मनोज ठाकुर तथा ग्राम पंचायत प्रधान नितेश ठाकुर को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में खेलों और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने में इन सभी का निरंतर सहयोग मिल रहा है।
रामलाल सूर्या ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और अनुशासन के बल पर विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय परिवार के सभी स्टाफ सदस्यों ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आध्यात्मिक चिंतन से जीवन संवारने और गांव से लेकर देश विदेश की खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ते रहिए “देवभूमि न्यूज 24”








